10 घंटे में उतई पुलिस की बड़ी सफलता, 3 चोरी की वारदातों का खुलासा, 5 चोर गिरफ्तार
त्वरित खबरें :अरुण रिपोर्टिंग

दुर्ग। उतई थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 10 घंटे के भीतर चोरी के तीन अलग-अलग मामलों का सफल खुलासा कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गए तीनों मोटर पंप और केबल वायर सहित करीब ₹37 हजार मूल्य का पूरा मशरूका बरामद कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, 26 और 27 जून 2026 के बीच थाना उतई क्षेत्र के ग्राम पुरई में अलग-अलग स्थानों से मोटर पंप और केबल वायर चोरी होने की घटनाएं सामने आई थीं। मामले में अपराध क्रमांक 334/2026, 335/2026 एवं 336/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने घटनास्थलों का निरीक्षण किया, तकनीकी साक्ष्य जुटाए, मुखबिरों से सूचना प्राप्त की और संदिग्धों से पूछताछ की। जांच के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मात्र 10 घंटे में तीनों मामलों का खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चेतन लाल ओझा (26), शंकर साहू (24), सन्नी राजपूत (21), कृष राजपूत (19) और दुष्यंत साहू (24) निवासी शिवपारा, ग्राम पुरई, थाना उतई, जिला दुर्ग के रूप में हुई है।

पूछताछ में आरोपियों ने आर्थिक लाभ कमाने की नीयत से सुनसान स्थानों पर लगे मोटर पंप और केबल वायर चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से एक फ्लो कंपनी का सबमर्सिबल मोटर पंप, एक लुबी कंपनी का सबमर्सिबल मोटर पंप एवं केबल वायर तथा एक 1.5 एचपी डीप बोर मोटर पंप एवं केबल वायर बरामद किया है। जब्त किए गए सामान की कुल अनुमानित कीमत ₹37 हजार बताई गई है।

सभी आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपने घर, खेत और कृषि उपकरणों की सुरक्षा के लिए आवश्यक सावधानियां बरतें तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल निकटतम पुलिस थाना या डायल-112 पर दें, ताकि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations