छुरिया(त्वरित ख़बरें )गत दिनों शासकीय महाविद्यालय निर्माण संघर्ष समिति बूचाटोला के संरक्षक एवं पूर्व जनपद अध्यक्ष नेहरू लाल साहू ,संघर्ष समिति के अध्यक्ष भागवत पुरामें एवं संघर्ष समिति के संयोजक दिलीप कोरेटी के नेतृत्व में उच्च शिक्षा के प्रति जागरूक बूचाटोला के ग्रामीणों ने खुज्जी के विधायक छन्नी चन्दू साहू से उनके निवास ग्राम पैरीटोला में मुलाकात कर आदिवासी बाहुल्य वनांचल ग्राम बूचाटोला में शासकीय महाविद्यालय खोलने की मांग को लेकर लिखित ज्ञापन सौंपा।
शासकीय महाविद्यालय निर्माण संघर्ष समिति बूचाटोला के संरक्षक नेहरू लाल साहू,संयोजक दिलीप कोरेटी,अध्यक्ष भागवत पुरामें एवं सचिव मुकेश मेश्राम ने बताया कि ग्राम व ग्राम पंचायत बूचाटोला राजनांदगाँव जिला के छुरिया विकास खंड के अंतर्गत सुदूर आदिवासी बाहुल्य वनांचल के प्रमुख गांव है। बूचाटोला की जनसंख्या लगभग ढाई- तीन हजार है। यहां शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल, शासकीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, शासकीय अनुसूचित जाति आश्रम शाला, आदिवासी बुनकर सोसायटी केन्द्र एवं शासकीय पशु औषधालय प्रमुख रूप से संचालित है। बूचाटोला अपने अंचल का सबसे बड़ा एवं प्रमुख आदिवासी बाहुल्य ग्राम है।यहाँ विगत 20 वर्षों से शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल संचालित है तथा इस विद्यालय में अभी 360 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत है जोकि इस वनांचल क्षेत्र के सर्वाधिक दर्ज संख्या वाला विद्यालय है।इस विद्यालय में दसवीं एवं बारहवीं बोर्ड की परीक्षा केंद्र रहती है।
बूचाटोला में स्थित शासकीय प्राथमिक शाला, शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला, शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल के पढ़ाई का स्तर प्रारंभ से लेकर अब तक उत्कृष्ट रहा है । गांव में स्थित शालाओं से प्रतिवर्ष प्रयास, नवोदय, उत्कर्ष,,कन्या शिक्षा परिसर, एकलव्य विद्यालय जैसे उत्कृष्ट विद्यालयों के लिए चयन होता है।यहां स्थित शालाओं की उत्कृष्ट शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की गतिविधियों में प्रारंभ से लेकर अब तक जिला एवं राज्य में अपना एक अलग एवं विशिष्ट पहचान है।
बूचाटोला के ग्रामीणों ने आगे बताया कि इस आदिवासी बाहुल्य वनांचल क्षेत्र में 12 -15 किलोमीटर के दायरे में एक भी शासकीय या अशासकीय महाविद्यालय नहीं है जिससे इस अंचल के छात्र-यात्राएं हायर सेकेंडरी स्कूल की पढ़ाई पूरा करने के बाद उच्च शिक्षा से वंचित हो जाते है ।ग्राम व ग्राम पंचायत बूचाटोला में शासकीय महाविद्यालय खोलने योग्य एवं पर्याप्त कारण, अनुकूल शैक्षणिक वातावरण, शासकीय जमीन, पेयजल एवं पर्याप्त सभी अन्य संशाधन उपलब्ध है। इस कारण से बूचाटोला में शासकीय महाविद्यालय खोलना अति आवश्यक है। ग्राम बूचाटोला में शासकीय महाविद्यालय खुल जाने से स्थानीय हायर सेकेंडरी स्कूल के बच्चों सहित वनांचल के लगभग 40-50 ग्रामों के बच्चों को उच्च शिक्षा का लाभ मिलेगा।
विधायक छन्नी चन्दू साहू ने ग्रामीणों के मांग को उचित पटल पर रखने का भरोसा ग्रामीणों को दिलाया।
विधायक को ज्ञापन सौंप कर बूचाटोला में शासकीय महाविद्यालय खोलने की मांग करने वाले ग्रामीणों में प्रमुख रूप से शासकीय महाविद्यालय संघर्ष समिति बूचाटोला के संरक्षक नेहरु लाल साहू ,संयोजक दिलीप कोरेटी,अध्यक्ष भागवत पुरामे, सरपंच प्रतिनिधि समारू राम ध्रुर्वे, उपरपंच रूपनाथ हारमें, समिति के सचिव मुकेश कुमार मेश्राम,सहसचिव भगवान दास पुरामे,पंच कुंजलाल कोमरे, चन्द्रभान दर्रो एवं उमेश कुमार आदि सहित उच्च शिक्षा के प्रति जागरूक बूचाटोला के ग्रामीण सामिल है