विजयादशमी पर्व पर 55 फीट ऊंचे रावण वध :

त्वरित खबरे :

5 अक्टुबर 2022

नगर दशहरा उत्सव समिति व नपा परिवार के संयोजन में विजयादशमी पर्व पर 55 फीट ऊंचे रावण वध का कार्यक्रम बुधवार को रात 10 बजे होगा, जिसकी तैयारी की जा चुकी है। जानकारी के अनुसार बुराई का प्रतीक रावण के पुतले का निर्माण अपने अंतिम चरण पर है।

मंगलवार की सुबह नपा उपाध्यक्ष अब्दुल रज्जाक खान, नपा सभापति दीपक देवांगन व सभापति सुमीत टांडिया, रावणभाटा मैदान इतवारी बाजार पहुंचे, जहां उन्होंने रावण के पुतला निर्माण में लगे कारीगरों को जरुरी निर्देश दिए। शाम छह बजे शोभायात्रा निकलेगी।

विजयी जुलूस बांके बिहारी मंदिर प्रांगण से राउत नाचा, पंथी नृत्य, धुमाल पार्टी व डीजे की धुन के साथ सर्वप्रथम मां दंतेश्वरी मंदिर परिसर पहुंचेगी, जहां से विधिवत पूजा अर्चना के बाद हॉस्पिटल चौक, मस्जिद चौक, गोलबाजार, बख्शी मार्ग व इतवारी बाजार मुख्य मार्ग होते हुए रावणभाटा मैदान पहुंचेगा जहां रात्रि 10 बजे 55 फीट ऊंचे विशालकाय रावण का परंपरा अनुसार वध कर भव्य आतिशबाजी के साथ दहन कार्यक्रम संपन्न होगा।

वहीं रात आठ बजे राजा फतेह सिंह खेल मैदान में चिन्हारी अर्जुन्दा का रंगारंग छत्तीसगढ़ी सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन होगा। वहीं इतवारी बाजार में भी स्थानीय पार्षद दीपक देवांगन के नेतृत्व में अग्रसेन मंच में लोहारा के रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम होगा। नपा अध्यक्ष शैलेन्द्र वर्मा व उपाध्यक्ष अब्दुल रज्जाक खान ने क्षेत्रवासियों से विजयादशमी व रावण वध के कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की है।