मृतकों को कागजों में बांटा जा रहा राशन, ग्रामवासियों ने खोला मोर्चा ,दाने-दाने के लिए भटक रहे ग्रामीण

त्वरित खबरे :

20 सितबंर 2022

कोरबा। जिले के पोंडी उपरोड़ा ब्लॉक के ग्राम पंचायत सेमरा के राशन दुकान संचालक पर ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि संचालक द्वारा मृत हितग्राहियों का राशन कई वर्षों से डकारा जा रहा है. जीवित हितग्राहियों को राशन के लिए भटकना पड़ रहा है, जिसकी शिकायत लेकर ग्रामीण पोंडी उपरोड़ा SDM कार्यालय पहुंचे. SDM ने त्वरित कार्रवाई करते हुए राशन दुकान संचालक को निलंबित कर दिया है.

ग्रामीण इलाकों में राशन दुकान संचालकों की मनमानी से लगातार पोंडी उपरोड़ा ब्लॉक के ग्रामीण परेशान हैं. सभी ग्रामीणों के लिए राशन, सरकार संचालकों को उपलब्ध कराती है, लेकिन राशन हितग्राहियों तक नहीं पहुंच पाता है.

पूर्व में कई गई शिकायत पर जांच कमेटी से भी संचालक द्वारा बदसलूकी की गई थी, जिसे लेकर कोरबा जिले के पोंडी उपरोड़ा ब्लॉक के सेमरा पंचायत के पीड़ित ग्रामीणों ने पोंडी उपरोड़ा SDM कार्यालय पहुंचकर अनुविभागीय अधिकारी राजस्व नंदजी पाण्डेय को ज्ञापन सौंपा है.

ग्रामीणों ने शिव मंदिर स्व सहायता समूह द्वारा संचालित राशन दुकान संचालक पर कार्रवाई करने की मांग की. SDM ने बताया कि ग्रामीणों ने राशन न मिलने और मृत व्यक्तियों के नाम से राशन की हेराफेरी को लेकर शिकायत मिली है. जिस पर जल्द ही जांच करके उचित कार्रवाई की जाएगी. SDM ने इस मामले पर त्वरित कार्रवाई करते हुए दुकान संचालक को निलंबित कर दिया.