12 अगस्त 2022
बोड़ला |कबीरधाम जिले में पिछले 2 दिन से लगातार बारिश हो रही है। इसके चलते नदी- नाले उफान पर आ गए हैं। नगर पंचायतों समेत जिले के कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति है। बोड़ला के कई वार्डों में पानी भरने की सूचना पर गुरुवार सुबह से प्रशासनिक अमला हरकत में आ गया। तहसीलदार सीताराम कंवर ने जेसीबी से तत्काल पानी निकासी के लिए नाली व्यवस्था की। इधर, नगर से लगा हुआ भंडार जलाशय है, जो पिछले कई सालों से कमजोर बंड (पार) के कारण जल्दी भर जाता है।
इसी बांध के उलट (वेस्ट वियर) पर कैचमेंट एरिया में स्वामी विवेकानंद कॉलेज को बनाया गया है। लगातार बारिश के कारण कॉलेज मैदान में पानी भर गया है। बांध के कमजोर बंड (पार) फूटने के कगार पर है, जिससे भंडार व बांधाटोला के रहवासी संकट में हैं। इसे गंभीरता से लेते हुए एसडीएम की मौजूदगी में जल संसाधन के ईई ने वेस्ट वियर क्षेत्र से नाली खुदवाई है ताकि पानी बाहर निकाला जा सके।