निलंबित भाजपा प्रवक्ता के फोटो पर क्रॉस और जूते के निशान, गिरफ्तारी की मांग

त्वरित ख़बरे/

पैगंबर पर विवादित टिप्पणी करने वाली निलंबित भाजपा नेता नूपुर शर्मा के पैम्फलेट सूरत की सड़क पर लगाए गए हैं। शहर में जिलानी ब्रिज की सड़क पर नूपुर के पोस्टर पर जूतों के निशान भी बने हैं। इनमें नूपुर की गिरफ्तारी की मांग की गई है। ब्रिज पर इस तरह के पैम्फलेट क्यों और किसने लगाए हैं, फिलहाल इसका खुलासा नहीं हो पाया है।


भाजपा प्रवक्ता के तौर पर नूपुर शर्मा ने टीवी डिबेट में पैगंबर पर विवादित टिप्पणी की थी। इसके बाद भाजपा ने उन्हें 6 साल के लिए पार्टी से निलंबित कर दिया था। भाजपा ने कहा कि हम सभी धर्मों का सम्मान करते हैं। साथ ही पार्टी ने उनके बयान से किनारा भी कर लिया था। इसके बाद नूपुर ने भी सोशल मीडिया पर बयान जारी करके माफी मांगी थी।

सूरत के जिलानी ब्रिज की सड़क बुधवार को अचानक नूपुर शर्मा के पोस्टर्स से भरी नजर आई।

भाजपा ने नूपुर के बयान से किनारा कर लिया था
इस मामले में काफी किरकिरी होने के बाद 5 जून को भाजपा ने नुपूर शर्मा को पार्टी से सस्पेंड कर दिया था। सस्पेंशन से पहले भाजपा महासचिव अरुण सिंह ने लेटर जारी किया था, जिसमें उन्होंने कहा- भारत के हजारों वर्षों के इतिहास में प्रत्येक धर्म फला-फूला है। भाजपा किसी भी धर्म के किसी भी धार्मिक व्यक्ति के अपमान की कड़ी निंदा करती है। पार्टी उस विचारधारा के सख्त खिलाफ है, जो किसी भी संप्रदाय या धर्म का अपमान करती है। बीजेपी ऐसी किसी विचारधारा का प्रचार नहीं करती।

फिलहाल यह पता नहीं चल पाया है कि नूपुर शर्मा के ये पोस्टर सड़क पर किसने बिछाए हैं।

बवाल के बाद नूपुर ने बयान वापस लिया
भाजपा से सस्पेंड होने के बाद नूपुर शर्मा ने अपना बयान वापस ले लिया था। उन्होंने कहा था- टीवी डिबेट में मेरे भगवान के खिलाफ विवादित बोल बोले जा रहे थे, जो मुझे बर्दाश्त नहीं हुआ। इसी रोष में आकर मैंने कुछ आपत्तिजनक कह दिया। मेरी मंशा किसी को दुख पहुंचाने की नहीं थी। मैं अपने शब्द वापस लेती हूं। पूरी खबर यहां पढ़ें..

भाजपा से सस्पेंड होने के बाद नूपुर शर्मा ने खेद जताते हुए बयान वापस लेने की बात कही थी।

पैगंबर पर की थी आपत्तिजनक टिप्पणी
नूपुर शर्मा ने ज्ञानवापी पर हो रहे एक डिबेट के दौरान पैगंबर मोहम्मद पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। टिप्पणी के बाद उनके खिलाफ महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में केस दर्ज किया गया। वहीं नूपुर ने दिल्ली पुलिस में रेप और हत्या की धमकी की शिकायत दर्ज कराई है।

नूपुर के बयान पर इंटरनेशनल बवाल
नूपुर शर्मा के बयान पर इंटरनेशनल बवाल मच गया। कुवैत, अफगानिस्तान समेत कई मुस्लिम देशों ने बयान पर आपत्ति जताई। वहीं मुस्लिम देशों के संगठन OIC ने बयान जारी कर भारत में मुसलमानों के अत्याचार का आरोप लगाया। हालांकि भारत सरकार ने OIC के बयान को खारिज कर दिया।