दिल्ली में बुलडोजर अभियान का विरोध कर रहे कल्याणपुरी से आप विधायक कुलदीप कुमार को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया है। MCD की टीम बुधवार को कल्याणपुरी में अवैध अतिक्रमण हटाओ अभियान चला रही थी, जिसमें 4 घरों पर बुलडोजर चलाया गया। इस दौरान आप विधायक अपने समर्थकों के साथ वहां पहुंच गए
आज के अन्य अपडेट्स.
प्रफुल्ल पटेल फुटबॉल फेडरेशन के अध्यक्ष पद से हटाए गए
सुप्रीम कोर्ट ने ऑल इंडिया फुटबॉल फेडरेशन (AIFF) के अध्यक्ष पद से प्रफुल्ल पटेल को हटा दिया है। कोर्ट ने AIFF का प्रशासनिक कार्यभार सुप्रीम कोर्ट के रिटार्यड जज अनिल आर दवे, पूर्व चुनाव आयुक्त डॉ. एसएफ कुरैशी और पूर्व भारतीय कप्तान भास्कर गांगुली वाली समिति को सौंप दिया है।
बुधवार को मामले की सुनवाई करते हुए जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़, जस्टिस सूर्यकांत और जस्टिस पीएस नरसिम्हा ने यह आदेश दिए। अब नए चुनाव होने तक यह समिति ही देश में फुटबॉल गतिविधियां संचालित करेगी।
बता दें कि भारतीय फुटबॉल महासंघ के चुनाव दिसंबर 2020 में होने वाले थे, लेकिन संघ ने अपने संविधान के संबंध में सुप्रीम कोर्ट में लंबित मामले का हवाला देते हुए चुनाव नहीं कराए। प्रफुल्ल पटेल ने दिसंबर 2020 में AIFF अध्यक्ष के रूप में अपने तीन कार्यकाल और 12 साल पूरे किए। यह नियमों के तहत एक महासंघ के अध्यक्ष के लिए अधिकतम है। इसी वजह से कोर्ट ने उन्हें हटाने का निर्देश दिया है।
इंद्राणी मुखर्जी को सुप्रीम कोर्ट से मिली जमानत, बेटी की हत्या के आरोप में 6 साल से जेल में थी
शीना बोरा हत्याकांड में जेल में बंद इंद्राणी मुखर्जी को सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिल गई है। इंद्राणी 6 साल से ज्यादा समय से जेल में है, जिसके आधार पर कोर्ट ने उसकी रिहाई का आदेश दिया है। इससे पहले इंद्राणी मुखर्जी को बाम्बे हाईकोर्ट से जमानत नहीं मिल सकी थी। इंद्राणी मुखर्जी साल 2015 में गिरफ्तार हुई थी। वो मुंबई की बायकुला महिला कारागार में बंद है।
CBI की स्पेशल कोर्ट ने भी इंद्राणी को जमानत देने से कई बार मना कर दिया था। अपनी बेटी शीना की हत्या के आरोप में इंद्राणी मुखर्जी पर 24 अप्रैल 2012 से ट्रायल चल रहा है। CBI 2012 से इस मामले की जांच कर रही है। इंद्राणी पर आरोप है कि उन्होंने शीना की गला दबाकर हत्या कर दी थी और शव को रायगढ़ जिले के एक जंगल में दफना दिया था। जांच एजेंसियों का दावा था कि उन्हें शीना बोरा के अवशेष भी मिले हैं। पढ़ें पूरी खबर...
मध्य प्रदेश में OBC आरक्षण के साथ होंगे पंचायत और निकाय चुनाव; सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला
मध्यप्रदेश के त्रिस्तरीय पंचायत और नगरीय निकाय चुनाव में OBC वर्ग को आरक्षण मिलेगा। सुप्रीम कोर्ट में आज हुई सुनवाई में कोर्ट ने कहा है कि एक सप्ताह में आरक्षण नोटिफाई किया जाए। अगले एक सप्ताह में चुनाव कराने का नोटिफिकेशन जारी किया जाए। एडवोकेट वरुण ठाकुर ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट ने फैसला सुनाते हुए कहा है कि आरक्षण किसी भी स्थिति में 50% (OBC, SC/ST को मिलाकर) से अधिक नहीं होगा।
सरकार ने OBC वर्ग को आरक्षण देने के लिए 12 मई की देर रात सुप्रीम कोर्ट में संशोधन याचिका (एप्लिकेशन फॉर मॉडिफिकेशन) दाखिल की थी। इस पर 17 मई को भी सुनवाई हुई। सरकार ने OBC आरक्षण देने के लिए 2011 की जनसंख्या के आंकड़े प्रस्तुत किए थे। इसके अनुसार प्रदेश में OBC की 51% आबादी बताई गई है। सरकार का मानना था कि इस आधार पर OBC को आरक्षण मिलता है तो उसके साथ न्याय हो सकेगा। वहीं, दूसरे पक्ष की ओर से कहा गया था कि सरकार की ओर से कोई लापरवाही भी होती है तो अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) को उसका संवैधानिक अधिकार (आरक्षण) मिलना चाहिए।
राजीव गांधी हत्याकांड के दोषी पेरारिवलन को सुप्रीम कोर्ट ने रिहा किया, 31 साल से जेल में बंद था
पेरारिवलन समेत 7 दोषियों को आजीवन कारावास की सजा मिली थी।
पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी हत्याकांड के सात दोषियों में से एक एजी पेरारिवलन को सुप्रीम कोर्ट से राहत मिल गई है। कोर्ट ने उसे रिहा करने का आदेश दिया है। पेरारिवलन पिछले 31 सालों से जेल में बंद था। पेरारिवलन समेत 7 दोषियों को आजीवन कारावास की सजा मिली थी। इस मामले में संथन, मुरुगन, नलिनी, रॉबर्ट पायस, जयकुमार और रविचंद्रन जेल में सजा काट रहे हैं। बता दें कि 21 मई 1991 को पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की तमिलनाडु के श्रीपेरंबुदूर में एक जनसभा के दौरान हत्या कर दी गई थी। इसके बाद 11 जून 1991 को पेरारिवलन को गिरफ्तार किया गया था। पढ़ें पूरी खबर..
गुजरात में चुनाव से 6 महीने पहले हार्दिक पटेल ने कांग्रेस छोड़ी, भाजपा में जल्द शामिल हो सकते हैं
हार्दिक पटेल ने कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया है। वे पिछले कुछ महीनों से नाराज चल रहे थे। हार्दिक ने कहा कि मुझे विश्वास है कि इस फैसले का जनता स्वागत करेगी। 15 दिन पहले राहुल गांधी की हार्दिक पटेल से बात भी हुई थी। गुजरात में नवंबर-दिसंबर में विधानसभा का चुनाव होना है। सूत्रों के मुताबिक, वो अगले दो हफ्तों में भाजपा में शामिल होंगे। लोकसभा चुनाव 2019 से पहले 12 मार्च 2019 को हार्दिक पटेल ने कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता ली थी। इसके बाद मात्र 19 महीने के सफर में हार्दिक पटेल को गुजरात कांग्रेस का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया, लेकिन हार्दिक पटेल कांग्रेस आलाकमान के सामने लगातार अपनी मांगें उठाते रहे। हार्दिक ने गुजरात कांग्रेस के नेताओं पर उसका करियर खराब करने का आरोप भी लगाया। पढ़ें पूरी खबर..
RSS मुख्यालय की रेकी करने वाला आतंकी जम्मू-कश्मीर से गिरफ्तार, जुलाई में आया था नागपुर
नागपुर स्थित संघ मुख्यालय की रेकी करने वाले संदिग्ध आतंकी को नागपुर की ATS टीम ने जम्मू-कश्मीर से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान रईस अहमद असदुल्ला शेख के रूप में हुई है। जांच में सामने आया है कि रईस, आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के लिए काम कर रहा था। सूत्रों के मुताबिक, रईस ने स्वीकार किया कि उसने पाकिस्तान में जैश के आका के इशारे पर RSS मुख्यालय में रेकी की थी। पढ़ें पूरी खबर..
कार्ति चिदंबरम के करीबी को CBI ने गिरफ्तार किया, वीजा के लिए चीनी नागरिकों से 50 लाख की रिश्वत लेने का आरोप
कांग्रेस सांसद कार्ति चिदंबरम के एक करीबी को CBI ने अरेस्ट कर लिया है। यह एक्शन कल हुई छापेमारी के बाद लिया गया है। जानकारी के मुताबिक, कार्ति चिदंबरम के करीबी भास्कररमन को CBI ने गिरफ्तार कर लिया है। उन पर 263 चीनी नागरिकों को वीजा दिलवाने के लिए कथित तौर पर 50 लाख रुपए रिश्वत लेने का आरोप है। CBI ने मंगलवार को कार्ति चिदंबरम के 10 ठिकानों पर छापा मारा था। पढ़ें पूरी खबर...
लद्दाख में 3.7 तीव्रता का भूकंप, कारगिल से 177 किमी दूर महसूस हुए झटके; जानमाल के नुकसान की खबर नहीं
आज सुबह 07:37 पर लद्दाख में भूकंप के झटके महसूस किए गए। रिएक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 3.7 मापी गई। भूंकप का केंद्र सतह से 32 किलोमीटर नीचे था। भूकंप के झटके लद्दाख के कारगिल से 177 किमी दूर महसूस किए गए।
हरियाणा में 2.6 तीव्रता का भूकंप आया।
इससे पहले सुबह 6:08 पर हरियाणा में तीव्रता 2.6 का भूकंप आया था। नेशनल सेंटर पर सिस्मोलॉजी के मुताबिक भूंकप का केंद्र सतह से 15 किलोमीटर नीचे था। भूकंप के झटके हरियाणा के झज्जर से 42 किमी दूर महसूस किए गए। भूकंप से अभी तक किसी भी प्रकार से नुकसान की कोई खबर नहीं है।
ओवैसी ने ज्ञानवापी पर वाराणसी कोर्ट के फैसले को अवैध बताया
ओवैसी ने कहा- मुझे उम्मीद है सुप्रीम कोर्ट न्याय करेगा।
हैदराबाद के सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने ज्ञानवापी मस्जिद मसले पर वाराणसी की अदालत के आदेश को अवैध बताया है। उन्होंने कहा, हमें उम्मीद है कि सुप्रीम कोर्ट न्याय करेगा और इस पर पूरी तरह से रोक लगाएगा। वाराणसी की अदालत ने परिसर के अंदर सर्वेक्षण स्थल को सील करने का आदेश दिया है।
हिंदू पक्ष यहां शिवलिंग मिलने का दावा कर रहा है। वहीं मामले में सुप्रीम कोर्ट से कहा कि अगर वहां शिवलिंग मिला है तो उसे सुरक्षित रखें, लेकिन नमाज को रोकना सही नहीं है।
राहुल भट्ट की हत्या के विरोध में थाली बजाकर विरोध
जम्मू-कश्मीर में कश्मीरी पंडित की हत्या के बाद से लोग विरोध कर रहे हैं। मंगलवार को अनंतनाग में लोगों ने राहुल भट्ट की हत्या के विरोध में थाली बजाकर विरोध किया। राहुल भट्ट बडगाम के तहसील परिसर में क्लर्क के पद पर तैनात थे। उन्हें आतंकियों ने घर में घुसकर गोली मार दी थी। हालांकि, सुरक्षाबलों ने ह में शामिल तीनों आतंकियों को गिरफ्तार कर लिया था।
दिल्ली में युवक की गोली मारकर हत्या
दिल्ली के दरियागंज इलाके में 17 मई की रात करीब 11 बजे एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। दिल्ली पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।
दिल्ली के अटलांटिस बैंक्वेट हॉल में लगी आग, एक कर्मचारी की मौत
दिल्ली के जीटी कर्नाल रोड स्थित अटलांटिस बैंक्वेट हॉल में मंगलवार शाम आग लग गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की 12 दमकल वहां पहुंचीं और आग पर काबू पाया। घटना में बैंक्वेट हॉल के एक कर्मचारी की मौत हो गई। उसका शव जली हुई हालत में मिला है। घटना अशोक विहार इलाके की है।
इस मामले पर CM केजरीवाल ने भी ट्वीट किया। उन्होंने लिखा, 'सभी की सुरक्षा के लिए प्रार्थना कर रहा हूं। दमकलकर्मी आग बुझाने और सभी की जान बचाने की पूरी कोशिश कर रहे हैं, मैं लगातार अपडेट ले रहा हूं।'