कोरबा। मानिकपुर चौकी क्षेत्र के कृष्णा नगर बस्ती में देर रात पान ठेले पर सिगरेट देने की बात को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हो गई। घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है। पूरी वारदात पास में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है।
जानकारी के अनुसार SBS कॉलोनी निवासी राहुल शांडिल्य अपने साथी दक्ष निराला के साथ बाइक से घर लौट रहा था। रास्ते में दोनों कृष्णा नगर बस्ती में खुले पान ठेले पर रुके। इसी दौरान वहां तरुण साहू, देवेंद्र सिंह और लाला नामक युवक पहुंचे और सिगरेट मांगी। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।
CCTV फुटेज में तीन युवक एक युवक को सड़क पर पटक-पटककर मारते और पत्थर से सिर पर हमला करने की कोशिश करते दिखाई दे रहे हैं।
दोनों पक्षों पर केस दर्ज
CSP प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि मानिकपुर सहायता केंद्र अंतर्गत कृष्णा नगर में सिगरेट को लेकर विवाद हुआ था। पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है। MLC रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।