अलीगढ़ में बुलेट के लिए पत्नी के साथ मारपीट करने और उसे घर से निकालने का मामला सामने आया है। इतना ही नहीं मांग पूरी करने पर आरोपियों ने पीड़िता को तीन तलाक की धमकी भी दे डाली। इसके बाद पीड़िता ने बन्नादेवी थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। बताया कि उसका पति और ससुराल के लोग आए दिन उसके साथ मारपीट करते हैं और दहेज की मांग करते हैं।
ससुराल वालों ने उसे घर से निकाल दिया और हर दिन फोन करके तीन तलाक देने की धमकी देते हैं। जिसके चलते अब वह अपने मायके में रह रही है। जिसके बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
चार महीने पहले हुआ था निकाह
बन्नादेवी थाना क्षेत्र के इलियासपुर निवासी सना ने बताया कि 11 जनवरी 2022 को उसका निकाह मुस्लिम रीति रिवाज से लोधा निवासी रिजवान पुत्र स्व. जब्बार के साथ हुआ था। उस समय उसके माता पिता ने 4 लाख रुपए खर्च किए थे। लेकिन, आरोपी गण दहेज से खुश नहीं थे और निकाह के कुछ दिन बाद ही दहेज की मांग शुरू कर दी। पीड़िता ने बताया कि उसका शौहर आए दिन नशा करके आता था और उसके साथ मारपीट करता था।
जेठ भी मारपीट करता था और उसके साथ अश्लील हरकत करता था। सभी लगातार बुलट गाड़ी की मांग कर रहे थे। जब उनकी मांगे पूरी नहीं हुई तो उन्होंने पीड़िता को 28 जनवरी को ही घर से निकाल दिया और अब तीन तलाक की धमकी दे रहे हैं।
पुलिस ने छह लोगों को किया नामजद
पीड़िता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने 6 आरोपियों को नामजद किया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। इसमें पुलिस ने आरोपी पति रिजवान, जेठ मोमीन समेत परिवार के आमीन, जुल्फिकार, रूबीना और आशा के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
एएसपी मनीष शांडिल्य ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।