मध्यप्रदेश में एक बार फिर गर्मी बढ़ने लगी है। चार दिन राहत भरे रहने के बाद सोमवार से फिर गर्मी सताने लगेगी। अगले तीन दिन में प्रदेश में दिन का पारा 45 के पार पहुंच सकता है। रविवार को कुछ इलाकों में लू का कहर दिखा। 11 मई तक गर्मी बढ़ेगी। उसके बाद तापमान में फिर गिरावट दर्ज की जाएगी। इस दौरान प्रदेश भर में लू चलेगी।
मौसम वैज्ञानिक पीके साहा ने बताया कि प्रदेश भर में मौसम शुष्क हो गया है। नॉर्थ एमपी में ऊपर की तरफ एक हवा का चक्रवाती घेरा बना हुआ है। इससे बादल तो छाएंगे, लेकिन तीन दिन तक गर्मी कम नहीं होने वाली है। बारिश या बूंदाबांदी की भी संभावना नहीं है। अगले तीन दिन के दौरान दिन के तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी होगी।
तीखी गर्मी से बचने के लिए युवतियों कुछ इस तरह से निकल रही हैं।
वैज्ञानिक पीके साहा ने बताया कि अधिकतम तापमान बढ़ने से दिन में लू चलेगी, लेकिन रात को तापमान में ज्यादा बढ़ोतरी नहीं होगी। इससे रात राहत भरी रहेंगी। रविवार के बाद बादल के कारण कुछ राहत रही, लेकिन सोमवार से बादलों के होने से भी राहत नहीं रहेगी। बादलों के काफी ऊंचाई पर होने के कारण इसका कोई फायदा नहीं होगा।
12 से 14 मई तक रहेगी राहत
12 से 14 मई तक बादलों के कारण तापमान फिर नीचे आएंगे। इसके बाद 15 मई से 26 मई तक एक फिर गर्मी का दौर शुरू होगा। यह मई की सबसे ज्यादा गर्म दिन होंगे।
गर्मी में पक्षियों की प्यास बुझाने के लिए जगह-जगह सकोरे रखे गए हैं।
अभी यह सिस्टम बना हुआ है
पाकिस्तान से आ रही हवाएं जम्मू-कश्मीर के ऊपर ट्रफ के रूप में उत्तर में है। चक्रवातीय गतिविधियां पूर्वोत्तर बांग्लादेश और विदर्भ के ऊपर सक्रिय हैं। विदर्भ और मराठवाड़ा से लेकर कर्नाटक तक हवाओं में निरंतरता है। दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में अतिनिम्न दाब क्षेत्र सक्रिय है। यह रविवार से प्रभावशाली होकर तक चक्रवातीय तूफान में विकसित होने की संभावना बनी हुई है।
अगला सिस्टम पाकिस्तान से 11 मई से आना शुरू होगा। बंगाल की खाड़ी और अरब सागर से नमी मिलने से 12 मई से 14 मई तक प्रदेश के कई इलाकों में बादल छाने की संभावना है। इससे तीन दिन तक अधिकतम तापमान के नीचे आने से गर्मी से राहत रहेगी। इसके बाद 15 मई से फिर से तापमान बढ़ने लगेंगे।
उफ ये गर्मी...
राजगढ़ सबसे ज्यादा तपने लगा
प्रदेश में एक बार फिर से दिन का पारा 44 डिग्री के पार पहुंच गया है। राजगढ़ में सबसे ज्यादा 44.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। भोपाल, जबलपुर और इंदौर में अधिकतम तापमान 42 डिग्री तक पहुंच गया। चार महानगरों में सबसे ज्यादा ग्वालियर में 43.5 डिग्री में रहा। सबसे कम पचमढ़ी में 37.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। प्रदेश में दिन का तापमान अधिकांश इलाकों में 42 डिग्री के पार चला गया है।