रायपुर: पुलिस स्मृति दिवस पर शहीद जवानों को श्रद्धांजलि, CM साय ने परिजनों को किया सम्मानित...

त्वरित ख़बरें :- अमित यादव रिपोर्टिंग

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने देश और प्रदेश की सुरक्षा के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की। माना स्थित चौथी वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल परिसर में आयोजित पुलिस स्मृति दिवस परेड में मुख्यमंत्री ने शहीद जवानों के परिजनों को शॉल, श्रीफल और स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के विरुद्ध मिली निर्णायक सफलता पुलिस और सुरक्षा बलों के अदम्य साहस, शौर्य और बलिदान का परिणाम है। दशकों तक नक्सल हिंसा से प्रभावित रहे बस्तर सहित प्रदेश के दूरस्थ क्षेत्रों में अब शांति, सुरक्षा और विकास का नया वातावरण बन रहा है। उन्होंने कहा कि अमर शहीदों का त्याग सदैव प्रदेशवासियों को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करता रहेगा।

नक्सलवाद के खिलाफ जवानों ने रचा शौर्य का इतिहास

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ पुलिस, जिला रिजर्व गार्ड (DRG), बस्तर फाइटर्स और केंद्रीय सुरक्षा बलों के जवानों ने दुर्गम जंगलों और कठिन परिस्थितियों में नक्सलवाद के खिलाफ संघर्ष किया है। उनके साहस और समर्पण से प्रदेश में शांति स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता मिली है।

उन्होंने कहा कि बस्तर के जिन क्षेत्रों में कभी भय और हिंसा का माहौल था, वहां अब सड़क, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और संचार जैसी सुविधाओं का विस्तार हो रहा है। नियद नेल्लानार योजना, पीएम जनमन और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के माध्यम से दूरस्थ जनजातीय क्षेत्रों तक विकास पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

शहीद परिवारों के सम्मान और कल्याण के लिए सरकार प्रतिबद्ध

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि शहीद जवानों के परिवारों का त्याग, धैर्य और साहस भी अतुलनीय है। राज्य सरकार शहीद परिवारों के सम्मान और कल्याण के लिए सदैव प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि पुलिस स्मृति दिवस केवल श्रद्धांजलि देने का अवसर नहीं, बल्कि शहीदों के आदर्शों और राष्ट्रसेवा की भावना को आगे बढ़ाने का संकल्प लेने का दिन भी है।

मुख्यमंत्री ने राजीव स्मृति वन स्थित शहीद वाटिका पहुंचकर अमर जवान स्तंभ पर पुष्प अर्पित किए और वीर जवानों को नमन किया। इस दौरान उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने भी शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

नक्सल विरोधी अभियानों में 84 नक्सली मारे गए

पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम ने बताया कि 1 सितंबर 2025 से 31 अगस्त 2026 के बीच छत्तीसगढ़ पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बलों की नक्सल विरोधी कार्रवाइयों में 84 नक्सली मारे गए। इसी अवधि में छत्तीसगढ़ पुलिस के छह जवानों ने कर्तव्य निर्वहन के दौरान सर्वोच्च बलिदान दिया।

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने भी शहीद जवानों के योगदान को याद करते हुए कहा कि सुरक्षा बलों के साहस और समर्पण से नक्सलवाद के विरुद्ध लड़ाई को निर्णायक दिशा मिली है। उन्होंने शहीद परिवारों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए कहा कि उनका त्याग पूरे प्रदेश के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

कार्यक्रम में विधायक मोतीलाल साहू, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक विवेकानंद सिन्हा सहित पुलिस और सुरक्षा बलों के वरिष्ठ अधिकारी तथा शहीद जवानों के परिजन उपस्थित रहे।