1 मई को औरंगाबाद में होने वाली जनसभा के लिए महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) चीफ राज ठाकरे पुणे से रवाना हो चुके हैं। उनके साथ 100 से ज्यादा गाड़ियों का एक बड़ा काफिला है। औरंगाबाद के लिए निकलने से पहले राज ठाकरे ने हिंदू परिषद के लोगों के साथ पुणे में एक आरती की। इस महाआरती में 100 पुरोहित शामिल हुए। तकरीबन 5 घंटे में यह काफिला औरंगाबाद पहुंच जाएगा। हालांकि, शहर में धारा 144 लागू है, इसलिए आज कोई बड़ा कार्यक्रम शहर में नहीं होगा। रविवार को शाम 5 से 9 बजे के बीच उन्हें सांस्कृतिक मैदान में सभा की अनुमति दी गई है।
संभाजी महाराज की समाधि पर पहुंचे राज
अपनी इस यात्रा के दौरान औरंगाबाद के रास्ते में पड़ने वाले बडू गांव में स्थित संभाजी महाराज की समाधि पर भी राज अपने समर्थकों के साथ पहुंचे और छत्रपति संभाजी महाराज को श्रद्धांजलि अर्पित की। बता दें कि औरंगाबाद को संभाजी नगर के नाम से भी जाना जाता है, इसलिए राज का यह दर्शन कल होने वाली रैली से जोड़ कर देखा जा रहा है
फिर भगवा धारण किए नजर आए राज
औरंगाबाद के लिए रवाना होने से पहले राज ठाकरे की कार पर पुष्पवर्षा की गई। यात्रा की शुरुआत से पहले उनके गुरुजी ने उन्हें तिलक लगाया और आगे के लिए प्रस्थान करने को कहा। लाउडस्पीकर का मुद्दा उठाने के बाद से राज ठाकरे भगवा पहने नजर आ रहे हैं। आज भी वे बाला साहब ठाकरे की तरह ही भगवा धारण कर आगे के लिए रवाना हुए।
।
अमित ठाकरे औरंगाबाद में रैली स्थल पर पहुंचे
मनसे की औरंगाबाद में होने वाली रैली से पहले राज ठाकरे के बेटे अमित ठाकरे आज सांस्कृतिक मैदान पहुंचे और सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। उनके साथ मनसे के कार्यकर्ता, स्थानीय पुलिस अधिकारी और डॉग स्क्वाड की टीम भी थी। संभाजी नगर के मराठवाड़ा सांस्कृतिक मंडल के मैदान पर शाम 6 बजे राज ठाकरे के बड़ी रैली करने वाले हैं। उन्होंने 3 मई तक मस्जिदों से लाउडस्पीकर हटाने का अल्टीमेटम दिया है, इसलिए कल की रैली बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
मुंबई में मनसे कार्यकर्ताओं पर एक्शन
राज की सभा से पहले मुंबई पुलिस ने एक बड़ा एक्शन लेते हुए MNS नेताओं को पुलिस सेक्शन 149 के तहत नोटिस जारी किया है। इस नोटिस में मनसे कार्यकर्ताओं से ऐसे किसी भी आयोजन से बचने को कहा है जिससे समाज में द्वेष पैदा हो सकता है। इस नोटिस को सोशल मीडिया में पोस्ट करते हुए मनसे नेता संदीप देशपांडे ने लिखा,'रामचंद्र कह गए सिया से , ऐसा कलयुग आएगा शिव की सेना कहलाने वाला, हनुमान चालीसा से डर जाएगा।' राज ने 3 मई तक लाउडस्पीकर नहीं हटाने पर कार्यकर्ताओं से मस्जिदों के बाहर जाकर हनुमान चालीसा पढ़ने की अपील की है।