कब्जेधारियों के खिलाफ BSP का ऑपरेशन नसीब : ताबड़तोड़ कार्रवाई कर 5 घंटे में खाली करा दिए 35 घर

त्वरित खबरे

भिलाई ३० अप्रैल 

बीएसपी का प्रवर्तन विभाग नगर सेवाएं बीएसपी क्वार्टर में कब्जेधारकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करना शुरू कर चुका है। शुक्रवार को बीएसपी अमला सड़कों पर उतरा और अवैध कब्जेधारियों के खिलाफ आपरेशन नसीब चलाया गया। इसके तहत 5 घंटे ताबड़तोड़ कार्रवाई कर एक ही दिन में 35 आवासों को कब्जामुक्त कर सील किया गया।

बीएसपी के प्रवर्तन विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक बीएसपी के क्वार्टर में अवैध कब्जा करके वहां बाहरी लोगों बसा दिया जा रहा है। इसके पीछे एक पूरा रैकेट काम कर रहा है। हालत ये हो गए हैं कि बीएसपी के क्वार्टर में संदिग्ध लोग भी रहने लगे हैं। ऐसे ही क्वार्टर को खाली कराने के लिए बीएसपी ने ऑपरेशन नसीब चलाया है। रिसाली सेक्टर में चलाए जा रहे इस ऑपरेशन में नेवई थाना पुलिस बल का भी सहयोग लिया जा राह है। आवासों को खाली करते वक्त रखरखाव कार्यालय के कर्मचारी भी उपस्थित थे। बीएसपी के अधिकारियों का कहना है कि रिसाली सेक्टर में क्वार्टर खाली कराने के बाद यह कार्रवाई दूसरे सेक्टर में भी शुरू की जाएगी।

सुबह से ही पहुंच गया था बीएसपी का अमला

ऑपरेशन नसीब के तहत कार्रवाई करने के लिए बीएसपी का अमला सुबह 10.30 बजे से पहुंच गया था। बीएसपी अमले ने एक-एक मकान की जांच कर अवैध कब्जा कर रह रहे लोगों से मकान खाली कराया। इस दौरान बीएसपी कर्मी माइक से अनाउंस भी कर रहे थे, जिससे अवैध कब्जाधारी सतर्क हो जाएं। यह कार्रवाई दोपहर 3 बजे तक चली।

ओए और श्रमिक यूनियन ने किया कार्रवाई का समर्थन

भिलाई स्टील प्लांट के ऑफिसर्स एसोसिएशन (ओए) और श्रमिक यूनियनों ने इस अभियान का समर्थन किया है। उनका कहना है कि अवैध कब्जा करके रह रहे लोग बीएसपी कर्मियों के साथ आए दिन वाद विवाद विवाद व लड़ाई-झगड़ा करते रहते हैं। इतना ही नहीं ये लोग नशा खोरी, जुआ सट्टा, मारपीट, लूटमार, गुण्डागर्दी व अन्य आपराधिक गतिविधियों में भी संलिप्त रहते हैं।