माध्यमिक शिक्षा मंडल मध्य प्रदेश/ शुक्रवार दोपहर एक बजे 10वीं और 12वीं कक्षा की सालाना परीक्षा का रिजल्ट घोषित करेगा। इन दोनों कक्षाओं की परीक्षा में प्रदेशभर के 19 लाख स्टूडेंट्स शामिल हुए थे। आखिरी पेपर 12 मार्च को हुआ था। 36 दिन में 35 हजार शिक्षकों ने इन 19 लाख स्टूडेंट्स की आंसर कॉपी जांची। कॉपियों के वैल्यूएशन का काम 5 मार्च से 10 अप्रैल तक किया गया।
28 अप्रैल 2008 को घोषित हुआ था 12 वीं का रिजल्ट
पिछले 17 साल में यह दूसरा मौका है जब अप्रैल में एमपी बोर्ड की इन दोनों कक्षाओं का रिजल्ट घोषित किया जाएगा। 2008 में बोर्ड के तत्कालीन चेयरमैन एस के चतुर्वेदी के कार्यकाल में 28 अप्रैल को सिर्फ 12वीं कक्षा का रिजल्ट घोषित किया गया था।
एक बजे घोषित किया जाएगा परिणाम
स्कूल शिक्षा राज्य मंत्री इंदर सिंह परमार एवं विभाग की प्रमुख सचिव रश्मि अरुण शमी 29 अप्रैल को दोपहर 1:00 बजे सिंगल क्लिक पर ऑनलाइन रिजल्ट घोषित करेंगे। गौरतलब है मंडल के इतिहास में पहली बार फरवरी में 10वीं, 12वीं की सालाना परीक्षा आयोजित की गई थी।