6-12 साल के बच्चों के लिए कोरोना वैक्सीन की मंजूरी; जानिए जगह, कंपनी और बुकिंग प्रोसेस की पूरी जानकारी

त्वरित खबरे /

कोरोना के मामले एक बार फिर बढ़ रहे हैं/। संक्रमण बच्चों में भी देखा जा रहा है। दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद के कई स्कूलों को बंद कर दिया गया है। इस बीच भारत के औषधि महानियंत्रक, यानी DCGI ने बच्चों के लिए वैक्सीन को मंजूरी दे दी है।

6 से 12 साल तक के बच्चों के लिए Covaxin को इमरजेंसी यूज की मंजूरी दे दी है। इसके अलावा 12 साल से अधिक की उम्र के बच्चों के लिए Zycov-D वैक्सीन को भी इमरजेंसी यूज की मंजूरी दी गई है।

अगर आपके घर में भी बच्चे हैं तो जान लीजिए वैक्सीन से जुड़ी जरूरी जानकारियां

इमरजेंसी यूज वैक्सीन का मतलब

महामारी विशेषज्ञ डॉ. चंद्रकांत लहारिया दो बातें समझाते हैं ...

  1. अब तक जितनी भी कोरोना की वैक्सीन (बड़ों से लेकर बच्चों तक) आई हैं और जो लग रही हैं उन सबके इमरजेंसी इस्तेमाल को ही मंजूरी दी गई है। महामारी के दौरान ऐसी किसी भी वैक्सीन को फुल ऑथराइजेशन नहीं मिलती। चूंकि, ये सारी वैक्सीन एक्सीलेरेट प्रोसेस से बनी हैं, इसलिए इमरजेंसी यूज टर्म का इस्तेमाल किया जाता है।
  2. 6 से 12 साल तक के बच्चों की वैक्सीन को लेकर भी यह समझने की जरूरत है कि अभी वैक्सीन को सिर्फ मंजूरी दी गई है। जब तक सरकार अनुमति नहीं देती, तब तक बच्चों को वैक्सीन नहीं लगाई जाएंगी। अनुमति देते वक्त सरकार ही यह फैसला करेगी कि सारे बच्चों को वैक्सीन लगेगी या सिर्फ उन बच्चों को जो गंभीर बीमारी से पीड़ित हैं।

बच्चों को वैक्सीन कब और कहां लगाई जाएगी?
6 से 12 साल तक के बच्चों को कब और कहां वैक्सीन लगाई जाएगी इस बात की अभी कोई जानकारी सामने नहीं आई है। फिलहाल 12-14 साल के बच्चों को Corbevax वैक्सीन दी जा रही है। 15-17 साल के बच्चों को Covaxin का डोज दिया जा रहा है। इस उम्र के बच्चों को स्लॉट बुकिंग के हिसाब से नजदीक के सेंटर्स पर वैक्सीन लगाई जा सकती है।

​​​​​वैक्सीन के लिए रजिस्ट्रेशन जरूरी है क्या?
जी हां, अगर आपके घर में 12 से 14 साल के बच्चे हैं तो उन्हें वैक्सीन लगवाने के लिए आपको सबसे पहले CoWIN पोर्टल पर जाकर रजिस्ट्रेशन करवाना होगा।

12 से 14 साल के बच्चों को वैक्सीन लगवाने के लिए रजिस्ट्रेशन कैसे करें?

  • अपने मोबाइल या लैपटॉप पर CoWIN ऐप ओपन करें।
  • ऊपर दिए गए Register/Sign in/Login के ऑप्शन पर जाएं।
  • अपना मोबाइल नंबर डालकर Login करें।
  • अब मोबाइल पर एक OTP आएगा, उसे डालें।
  • अपने एरिया का पिनकोड डालें।
  • आपके नजदीकी वैक्सीनेशन सेंटर की लिस्ट खुल जाएगी।
  • अब बच्चे की डिटेल मांगी जाएगी। इसमें नाम और उम्र टाइप कर दें।
  • बच्चों की ID के तौर पर आधार दे सकते हैं।
  • अगर आधार न हो तो स्कूल ID कार्ड की डिटेल ही डाल दें।
  • लास्ट में अपने हिसाब से डेट और टाइम चुनें और स्लॉट बुक कर लें।
  • स्लॉट बुक होने के बाद मोबाइल पर कन्फर्मेशन का मैसेज आ जाएगा।

12-14 और 15-17 साल के बच्चों को वैक्सीन लगवाने के लिए पैसे देने होंगे?
नहीं, बच्चों को सरकार की तरफ से मुफ्त में वैक्सीन लगाई जा रही है।

कितने दिनों के अंतर में लगेगी वैक्सीन

  • Corbevax की दो डोज लगेगी। दोनों डोज के बीच 28 दिन का गैप होगा।
  • Covaxin का भी दो डोज लगेगी। दोनों में 28 से 40 दिन का गैप होगा।
  • Zycov-D वैक्सीन वैसे तो तीन डोज की वैक्सीन है। पहले के 28 दिन बाद दूसरी और दूसरी के 56 दिन बाद तीसरी वैक्सीन लगाई जाएगी। हालांकि बच्चों को इसकी सिर्फ दो डोज दी जाएंगी।