ग्वालियर में एक और लव जिहाद का मामला सामने आया है। 17 साल की 9वीं की छात्रा को राज खान नाम का युवक भगा ले गया। छात्रा की मां ने बेटी को जान का खतरा बताया है। महिला का कहना है कि बेटी को गुम हुए एक हफ्ते से ज्यादा हो चुका है, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चल रहा। इस मामले में छात्रा की मां ने बहोड़ापुर थाने में शिकायत की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। जिसके बाद उसने SSP ऑफिस पहुंचकर गुहार लगाई।
बहोड़ापुर की रहने वाली महिला ने बताया कि 4 महीने पहले वह जनकगंज इलाके में रहा करती थी। घर के सामने ही राज खान और उसका परिवार रहता है। राज आवारा किस्म का लड़का है। वह अक्सर बेटी को परेशान करता था। उसे छेड़ता था और अश्लील इशारे करता था। इससे पहले भी वह बेटी को बहला-फुसलाकर ले गया था। काफी तलाश किया। जनकगंज थाने में भी जानकारी दी। कुछ समय बाद बेटी वापस लौट आई थी। उसने बताया था कि राज उसे जबरदस्ती ले गया था।
19 अप्रैल को ले गया युवक
इस घटना के बाद महिला घर बदलकर बहोड़ापुर इलाके में रहने लगी। राज को इस घर का भी पता चल गया। महिला के मुताबिक 19 अप्रैल को जब वो मकान की छत पर काम कर रही थीं, तभी राज घर के बाहर रोड पर आया। यहां से बेटी को ले गया। महिला ने नीचे आकर देखा तो बेटी कमरे में नहीं थी। महिला ने बताया कि परिवार में पति और एक बेटा भी है। एक्सीडेंट होने के कारण पति घर पर ही रहते हैं। बता दें कि दो दिन पहले भी ग्वालियर में लव जिहाद का मामला सामने आया था। जिसमें इमरान खान ने खुद को राज जाटव बताकर युवती से शादी की। फिर दो देवरों और मौलाना से युवती का रेप करवाया था।
पुलिस ने अज्ञात पर दर्ज की FIR
महिला ने बताया कि बेटी के गुम होने के बाद जब वह उसे तलाशते हुए राज के घर बावन पायगा पहुंची, तो उसका परिवार घर पर नहीं मिला। आसपास के लोगों से पूछताछ की, तो लोगों ने बताया कि परिवार तो जा चुका है। इसके बाद उसने बहोड़ापुर थाने पहुंचकर घटना की जानकारी दी। लेकिन पुलिस ने FIR में राज खान की जगह अज्ञात युवक लिख दिया।
मां का दर्द, बेटी की जान खतरे में
एसएसपी ऑफिस में पहुंची मां ने गुहार लगाई कि बेटी को लापता हुए आठ दिन हो चुके हैं। आरोपी राज खान व उसका परिवार न जाने बेटी को किस तरह की यातनाएं दे रहा होगा। बेटी नाबालिग है। उसकी जान खतरे में है।