आजादी का अमृत महोत्सव के तहत जिले में 22 से लगेगा स्वास्थ्य मेला
- हेल्थ कार्ड, आयुष्मान कार्ड, रक्तदान शिविरों समेत रक्त जांच व उपचा आदि की दी जाएगी सेवाएं
-विशेषज्ञ चिकित्सक करेंगे स्वास्थ्य जांच
कबीरधाम, 20 अप्रैल 2022.
जन स्वास्थ्य की सुदृढ़ता के लिए आजादी का अमृत महोत्सव के अंतर्गत जिले में स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर लोगों की स्वास्थ्य जांच के लिए जगह-जगह शिविर लगाए जाएंगे। वहीं जनजागरुकता के लिए स्वास्थ्य शिक्षा भी दी जाएगी।
जिले में आयोजित किए जाने वाले स्वास्थ्य मेलों में कई तरह की बीमारियों जैसे गैर संचारी रोग स्क्रीनिंग, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, आंख-नाक-कान की जांच, वृद्धजनों की जांच, टेली-कंसल्टेशन, रक्तदान, मोतियाबिंद की जांच, टीबी जांच व योग शिक्षा के साथ सामान्य स्वास्थ्य जांच की जाएगी। स्वास्थ्य मेले का आयोजन 22 अप्रैल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पंडरिया परिसर, 23 अप्रैल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बोड़ला, 25 अप्रैल को जिला चिकित्सालय व 26 अप्रैल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लोहारा में किया जाएगा। इसके लिए व्यापक तैयारी की जा रही है। इस संबंध में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सुजॉय मुखर्जी ने बतायाः “आजादी की 75 वी वर्षगांठ को शासन द्वारा आजादी का अमृत महोत्सव के रूप में मनाया जा रहा है। इसके तहत स्वास्थ्य विभाग को स्वास्थ्य मेला आयोजित कर तमाम स्वास्थ्य सेवाओं से लोगों को लाभान्वित कराते हुए सभी योजनाओं को प्रसारित करने के लिए निर्देशित किया गया है। इसी क्रम में जिले से सभी विकासखंडों के बीएमओ को भी आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। स्वास्थ्य मेला आयोजन हेतु सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूर्ण करने के लिए कहा गया है। इसके अलावा जिला स्तर पर भी अधिकारियों-कर्मचारियों को जवाबदारी सौंपी गई है। स्वास्थ्य मेले में ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. केशव ध्रुव, अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. आदित्य चंदेल, नेत्र रोग विशेषज्ञ श्रीकांत कौशिक व स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. विजय ढेमरा आदि विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं ली जाएंगी। इसके अलावा डिजिटल स्वास्थ्य आईडी निर्माण किया जाएगा ताकि क्षेत्र के मरीजों को उपचार सुविधा में परेशानी का सामना न करना पड़े।”
स्वास्थ्य मेले में इन बीमारियों की होगी जांच
स्वास्थ्य मेला में सामान्य चिकित्सा, मातृ स्वास्थ्य, बाल स्वास्थ्य, टीकाकरण, परिवार नियोजन परामर्श, मोतियाबिंद की जांच, आंख, कान एवं गले से संबंधित बीमारियों की जांच, दंत चिकित्सा जांच, त्वचा की जांच, पोषण के लिए परामर्श, एड्स नियंत्रण के लिए परामर्श, कुष्ठ नियंत्रण, टीबी नियंत्रण, मलेरिया, आंखों की जांच, धूम्रपान और तंबाकू के सेवन के बुरे प्रभाव की जांच, कैंसर नियंत्रण जागरूकता समेत अन्य संबंधित बीमारियों के इलाज संबंधी सेवाएं प्रदान की जाएंगी।