राजनांदगांव के कवि संजीव सिंघल 26 अक्टूबर को आकाशवाणी रायपुर पर करेंगे स्वरचित कविताओं का पाठ, सुबह 8 बजे होगा प्रसारण...

त्वरित ख़बरें :- अमित यादव रिपोर्टिंग

राजनांदगांव। सुप्रसिद्ध साहित्यकार, कवि एवं लेखक संजीव सिंघल 26 अक्टूबर को आकाशवाणी रायपुर पर अपनी स्वरचित कविताओं का पाठ करेंगे। इस कार्यक्रम का प्रसारण सुबह 8 बजे किया जाएगा।

संजीव सिंघल साहित्य और समाजसेवा के क्षेत्र में लंबे समय से सक्रिय हैं। पिछले करीब 40 वर्षों से आकाशवाणी भोपाल और रायपुर से उनकी कविताओं एवं व्यंग्य रचनाओं का नियमित प्रसारण होता रहा है। इसके अलावा, दूरदर्शन रायपुर के साहित्य जगत कार्यक्रम में उनका साक्षात्कार भी प्रसारित हो चुका है। दूरदर्शन पर आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में भी उनकी कविताओं को स्थान मिला है।

साहित्य के क्षेत्र में संजीव सिंघल का योगदान व्यापक रहा है। उनके अनेक व्यंग्य संकलन प्रकाशित हो चुके हैं। पिछले लगभग 45 वर्षों से प्रतिष्ठित पत्र-पत्रिकाओं में उनकी कविताएं, व्यंग्य और अन्य साहित्यिक रचनाएं प्रकाशित होती रही हैं।

साहित्यिक गतिविधियों के साथ-साथ उन्हें विभिन्न महाविद्यालयों और विद्यालयों में व्याख्यान देने के लिए आमंत्रित किया जाता रहा है। उन्होंने नवोदय विद्यालय, केंद्रीय विद्यालय और विभिन्न शासकीय महाविद्यालयों एवं विद्यालयों में अंग्रेजी का अध्यापन भी किया है।

आकाशवाणी रायपुर पर होने वाला यह प्रसारण साहित्य प्रेमियों के लिए उनकी स्वरचित कविताओं को सुनने का अवसर होगा।