हार्दिक पटेल बोले- फैसला नहीं ले पा रहे राहुल गांधी; कांग्रेस ने बिहार-ओडिशा के अध्यक्ष से इस्तीफा लिया

त्वरीत खबरे -कांग्रेस में फिर बवाल-

गुजरात में विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष हार्दिक पटेल ने पार्टी हाईकमान पर फैसला नहीं ले पाने का आरोप लगाया है। हार्दिक ने कहा- मैंने राहुल गांधी के सामने कई बार मुद्दे उठाए हैं, लेकिन समाधान नहीं हो सका। कांग्रेस हाईकमान मुझे ऐसा पद दिया है, जैसे किसी शादी कर देने के बाद उसकी नसबंदी कर दी हो। हार्दिक के इस बयान के बाद उनके पार्टी छोड़ने की भी अटकलें लग रही हैं।

राहुल गांधी से क्यों नाराज हैं हार्दिक
पत्रकारों से बातचीत में हार्दिक ने कहा कि मैं करीब 3 महीने से पाटीदार नेता नरेश पटेल को कांग्रेस में शामिल करने के लिए कह रहा हूं, लेकिन हाईकमान उनकी बेइज्जती करने में लगा है। आने वाले 6 महीने में चुनाव होने हैं, लेकिन कांग्रेस हाईकमान कोई फैसला नहीं कर पा रहा है। मैंने राहुल गांधी से कहा, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।

कांग्रेस में मची है उथल-पुथल

5 राज्यों में हार के बाद जहां कांग्रेस पार्टी स्टेट यूनिट में बदलाव कर रही है। कई राज्यों में भारी उथल-पुथल मची हुई है। बिहार कांग्रेस और ओडिशा कांग्रेस के अध्यक्ष ने बुधवार को इस्तीफा दे दिया। यहां नए अध्यक्ष का चुनाव होना है, जबकि हरियाणा में भी नए प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने हैं।

यूपी, बंगाल और गोवा में भी कलह
यूपी, बंगाल और गोवा कांग्रेस में भी कलह जारी है। यूपी में करीब एक महीने बीत जाने के बाद भी नए अध्यक्ष का चुनाव नहीं हो सका है। इसके अलावा, गोवा में कद्दावर नेता दिगंबर कामत पार्टी के हालिया फैसले से नाराज हैं।

बंगाल चुनाव में करारी हार के बाद से ही नए अध्यक्ष पर फैसला होने की बात कही जा रही है। बंगाल कांग्रेस के अध्यक्ष अधीर रंजन चौधरी लोकसभा में कांग्रेस के नेता भी हैं। ऐसे में बंगाल में नया अध्यक्ष का चुनाव कांग्रेस के लिए आसान नहीं है।

हार के बाद G-23 नेताओं ने खोला था मोर्चा

5 राज्यों में हार के बाद कांग्रेस के भीतर G-23 के नेताओं ने मोर्चा खोला था। पार्टी नेताओं ने कांग्रेस के भीतर जिम्मेदारी तय करने की मांग की थी। वहीं पार्टी में राहुल गांधी की दखलअंदाजी पर भी सवाल उठाया था।