राजनांदगांव १५ अप्रैल शहर में इस गर्मी भी जलसंकट की स्थिति बनी हुई है। कई हिस्सों में पेयजल आपूर्ति नहीं हो पा रही है। इसके चलते लोग लगातार निगम प्रशासन से शिकायत कर रहे हैं। लगातार आ रही शिकायतों को देखते हुए निगम आयुक्त डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी ने जल विभाग के अफसरों की आपात बैठक ली। इसमें उन्होंने शिकायतों तत्काल निराकरण के निर्देश दिए।
आयुक्त डॉ. चतुर्वेदी ने जल विभाग के तकनीकी अधिकारियों व अमृत मिशन के अधिकारी सहित ठेकेदारों की बैठक ली। उन्होंने कहा कि जिन हिस्सों से पर्याप्त पानी नहीं आने की शिकायत मिल रही है, वहां स्थल पर पहुंचकर समस्या का त्वरित निराकरण करें। आयुक्त डॉ. चतुर्वेदी ने कहा कि लालबाग सिंधी कॉलोनी, लखोली राहुल नगर, कौरिनभाठा क्षेत्र में पर्याप्त पानी नहीं आने की शिकायत मिल रही है। इसके अलावा शहर के अन्य क्षेत्रों में भी पेयजल संबंधी शिकायत प्राप्त हुई है। इन तमाम हिस्सों का निरीक्षण तत्काल करें और समस्या का समाधान करें। ताकि गर्मी के दौरान लोगों को पेयजल संकट का सामना न करना पड़े। पेयजल जैसी अति आवश्यक सेवा में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अमृत प्रोजेक्ट का अधूरा काम भी जल्द पूरा करें
आयुक्त डॉ. चतुर्वेदी ने कहा कि अमृत मिशन के शेष कार्यों में तेजी लाकर जल्द पूरा किया जाए। इसके अलावा जिन क्षेत्रों में कार्य चल रहा है, वहां इस बात का ध्यान रखा जाए कि पेयजल की आपूर्ति प्रभावित न हों। आयुक्त ने कहा कि सभी तकनीकी अधिकारी अपने-अपने प्रभारित वार्ड में पेयजल व्यवस्था की सतत मॉनिटरिंग करें और किसी भी प्रकार की शिकायत का त्वरित निराकरण करें। जिन हिस्सों में इंटर कनेक्शन के बाद भी समस्या बनी हुई है।
पर्याप्त पानी का दावा फेल, टैंकरों से सप्लाई
नगर निगम ने इस गर्मी में अमृत प्रोजेक्ट का पूरा होने का दावा किया था। इससे शहर के हर हिस्से में पानी की पर्याप्त सप्लाई होने की भी बात कही गई थी। लेकिन निगम प्रशासन का यह दावा फेल साबित हुआ। प्रोजेक्ट का 90 फीसदी काम पूरा होने के बाद पानी की समस्या खत्म नहीं हो रही है। खासकर आउटर के वार्डों में जरूरत के मुताबिक पानी नहीं मिल रहा है। निगम प्रशासन लगातार सुधार के दावे भी कर रही है। लेकिन हालात अब भी जस के तस हैं।
हर शिकायत का तुरंत हो निराकरण, स्थल में पहुंचे
सिंधी कालोनी इलाके में लंबे समय से पेयजल की समस्या बनी हुई है। आयुक्त ने कहा कि अफसर खुद इस हिस्से में पहुंचे और समस्याओं की जांच कर इसमें तत्काल सुधार करें। इसके अलावा शहर के श्रमिक बाहुल्य इलाकों से भी पानी की समस्या को लेकर लगातार शिकायतें आ रही है। जिसका भी निराकरण किया जाए। इसके अलावा पार्षदों, जनप्रतिनिधियों या नागरिकों द्वारा पानी संकट की शिकायत प्राप्त होती है, उसका त्वरित निराकरण करें।
हर हिस्से में करें निरीक्षण मरम्मत कार्य में तेजी लाएं
आयुक्त ने कहा कि जल विभाग के अफसर शहर के हर हिस्से का निरीक्षण करें। वार्डों में पहुंचकर पेयजल आपूर्ति से संबंधित जानकारी जुटाएं। जिन हिस्सों में शिकायतें बनी हुई है, उसकी वजह तलाश कर सुधार करें। इसके अलावा पाइप लाइन से लेकर किसी भी दूसरी तरह की समस्या पर मरम्मत कार्य भी तेजी से पूरा करें। ताकि लोगों को पानी के लिए जूझना न पड़े। किसी भी हिस्से के लोगों को जलसंकट से जूझने की स्थिति निर्मित नहीं होने देंगे।