भिलाई। दुर्ग जिले में अवैध शराब की बिक्री के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई जारी है। इसी कड़ी में पुरानी भिलाई पुलिस ने हथखोज स्थित इंडियन पेट्रोल पंप के पीछे अवैध रूप से देशी शराब बेच रहे एक 50 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से कुल 33 पाव देशी शराब जब्त की गई है।
पुलिस के मुताबिक, 5 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ट्रांसपोर्ट नगर, हथखोज में इंडियन पेट्रोल पंप के पीछे एक व्यक्ति अवैध रूप से देशी शराब की बिक्री कर रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी करते हुए रेड कार्रवाई की।
इस दौरान पुलिस ने संजय मिश्रा (50 वर्ष), निवासी फौजी नगर, जामुल को शराब बेचते हुए पकड़ा। तलाशी में उसके पास से 26 पाव शोले देशी मसाला शराब और 7 पाव देशी शराब बरामद हुई। जब्त शराब की कुल मात्रा 5.940 बल्क लीटर बताई गई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 640/2026 के तहत धारा 34(2) आबकारी एक्ट में मामला दर्ज किया। उसे 5 नवंबर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से 19 नवंबर तक न्यायिक रिमांड मिली है।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि जिले में अवैध शराब की बिक्री, परिवहन या भंडारण की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।