अंबागढ़ चौकी १४ अप्रैल
ब्लाक के आमाटोला हल्का का पटवारी महीनों से नदारद हैं। इसके खिलाफ ग्रामीणों में आक्रोश है। कई जरूरी कार्यों के लिए ग्रामीणों को परेशान होना पड़ रहा है। अब ग्रामीणों ने इसके खिलाफ आंदोलन की चेतावनी दी है। ग्रामीणों ने बताया कि हल्के में पदस्थ पटवारी आए दिन गायब हो जाते हैं। जब कभी मुख्यालय आते हैं तो शराब के नशे में धुत रहते हैं। शिकायत के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। इससे राजस्व से जुड़े कार्यों को लेकर लोग परेशान हैं। ग्रामीणों ने हल्का पटवारी को आमाटोला से स्थानांतरित करने की मांग की है।
आमाटोला के निवासी प्रेमलाल सिन्हा, पुरुषोत्तम कोमरे, जसवंत साहू, पल्टूराम साहू, गैंदलाल पाल, हिरामनदास साहू, सियाराम तिवारी, दिलबहार सिन्हा ने बताया कि आमाटोला हल्का नंबर आठ में मांगाटोला, होडीटोला, बिटाल, मांझीटोला, आमाटोला व हांडीटोला हल्का में अडमागोंदी कहाडकसा, डोंगरगांव, हांडीटोला आते हैं। आमाटोला हल्का के पटवारी सोहनलाल देवांगन आमाटोला के अलावा हांडीटोला हल्का के भी प्रभार में है।
पटवारी देवागंन अपने हल्का मुख्यालय में आते ही नहीं है। महीनों काम से गायब रहते हैं। मामले को लेकर एसडीएम ललितादित्य नीलम ने कहा कि ग्रामीणों की शिकायत मिली है, मामले की जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। आमाटोला, बिटाल, मांझीटोला, होडीटोला, हांडीटोला, मांगाटोला, डोंगरगांव, कहाडकसा, एडमागोंदी के किसानों ने पटवारी को हटाने की मांग को लेकर तहसील कार्यालय के घेराव व धरना प्रदर्शन की चेतावनी दी है। आमाटोला के पूर्व सरपंच श्यामसाय ठाकुर, जसवंत साहू, केशव मालेकर, जोहनलाल साहू, जगन साहू सहित अन्य किसानों ने बताया कि पटवारी को नहीं हटाया गया तो 20 अप्रैल को तहसील कार्यालय का घेराव कर शासन-प्रशासन के विरोध में धरना प्रदर्शन करेंगे।