महंगाई के खिलाफ राहुल ने लगाए नारे

त्वरित ख़बरें - महंगाई के खिलाफ राहुल ने लगाए नारे:कांग्रेस के अभियान पर नकवी बोले- मम्मी के घर से मनमोहन जी के घर तक पदयात्रा करें, तब पता चलेगा महंगाई क्यों बढ़ी

देश में लगातार बढ़ती तेल की कीमत और महंगाई को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार को घेराव शुरू कर दिया है। गुरुवार को राहुल गांधी समेत कांग्रेस नेताओं ने विजय चौक पर धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान नेताओं ने गैस सिलेंडर और बाइक सामने रखे और उन पर माला डालकर पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों का विरोध किया। राहुल के साथ कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अधीर रंजन चौधरी, मल्लिकार्जुन खड़गे, अभिषेक सिंघवी भी मौजूद रहे। उन्होंने 'रोलबैक फ्यूल प्राइस हाइक' के नारे वाली तख्तियों के साथ प्रदर्शन किया।

दूसरी ओर कांग्रेस के इस अभियान पर केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने तंज कसते हुए कहा है कि लोगों को इतनी मेहनत करने की जरूरत नहीं है। वह अपनी मम्मी जी के घर से मनमोहन जी के घर तक पदयात्रा करें, तब उनको समझ आएगा कि महंगाई क्यों बढ़ी थी। आज महंगाई सप्लाई चेन और युद्ध की वजह से बढ़ी है। UK में 20% से ज्यादा महंगाई बढ़ी है।

प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी ने कहा कि पिछले 10 दिन में 9 बार पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ाए गए हैं और इसका परिणाम मध्यम वर्ग और गरीब लोगों पर पड़ता है। हमारी मांग है कि सरकार पेट्रोल-डीजल के दाम को बढ़ाना बंद करें। पूरे देश में हमारा प्रदर्शन चलेगा और काफी दिनों तक चलेगा।

कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि मोदी सरकार जैसे आम लोगों की जेबों में डाका डाल रहे हैं उसके खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। 10 दिनों में 9 बार पेट्रोल-डीज़ल के दाम बढ़ाने से मोदी जी ने एक इतिहास बना दिया। 137 दिनों बाद धड़ल्ले से दाम बढ़ रहे हैं। हमारी मांग है कि यह दाम सरकार वापस ले।

कांग्रेस नेता शशि थरूर ने कहा कि जब पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ते हैं तब हर चीज के दाम बढ़ते हैं। जब दुनिया में कच्चे तेल के दाम सबसे कम थे तब भी यह सरकार पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ा रही थी। 101 रुपये का तेल भराने में 52 रुपए सरकार के पास एक्साइज टैक्स के रूप में जा रहे हैं।

कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि हर दिन पेट्रोल-डीजल और अन्य चीजों के दाम बढ़ रहे हैं। इसका परिणाम आवश्यक वस्तुओं पर हो रहा है, इसलिए आज हम राहुल गांधी के नेतृत्व में प्रदर्शन कर रहें। कांग्रेस की मांग है कि UPA सरकार के दौरान जो कीमतें थी वही वापस की जानी चाहिए।

चेन्नई में भी कांग्रेस का प्रदर्शन

उधर, चेन्नई के कोयम्बेडु में भी कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। बता दें कि कांग्रेस ने इसे 'महंगाई मुक्त भारत' अभियान नाम दिया है। अभियान तीन चरणों में 31 मार्च से 7 अप्रैल तक चलेगा। इस दौरान देश भर में रैलियां और मार्च किए जाएंगे।