रिसाली में 3.45 करोड़ के विकास कार्यों की शुरुआत, विधायक ललित चंद्राकर ने किया भूमिपूजन

त्वरित ख़बरें :भूमिका रिपोर्टिंग

रिसाली। नगर पालिक निगम रिसाली क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देते हुए दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर ने शुक्रवार शाम 3 करोड़ 45 लाख 35 हजार रुपये की लागत से होने वाले विभिन्न निर्माण कार्यों का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने नारियल तोड़कर कार्यों की शुरुआत की और क्षेत्रवासियों को बधाई दी। कार्यक्रम में संबंधित वार्डों के पार्षद और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

विधायक ललित चंद्राकर ने बताया कि वार्ड क्रमांक 1 तालपुरी, वार्ड क्रमांक 2 रूआबांधा उत्तर, वार्ड क्रमांक 3 रूआबांधा दक्षिण, वार्ड क्रमांक 5 एचएससीएल कॉलोनी और वार्ड क्रमांक 6 रूआबांधा सेक्टर में विकास कार्य कराए जाएंगे। इन कार्यों में पेवर ब्लॉक, विद्युतीकरण, सीसी रोड, नाली निर्माण, बैडमिंटन कोर्ट, चबूतरा निर्माण और डोम शेड का निर्माण शामिल है।

वार्ड 1 में एसटीपी का कार्य भी शामिल

विधायक ने कहा कि इन विकास कार्यों में वार्ड क्रमांक 1 का बहुप्रतीक्षित और जरूरी एसटीपी (सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट) का कार्य भी शामिल है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

134 करोड़ से बनेगा जल शोधन संयंत्र

विधायक ललित चंद्राकर ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा हाल ही में नगर निगम क्षेत्र के लिए कई महत्वपूर्ण सौगातें दी गई हैं। इसके तहत 134 करोड़ रुपये की लागत से जल शोधन संयंत्र स्थापित किया जाएगा। वहीं 2 करोड़ रुपये की लागत से शहर में रोशनी की व्यवस्था बेहतर की जाएगी। इसके अलावा जोरातराई और नेवई मुक्तिधाम का जीर्णोद्धार भी कराया जाएगा।

कार्यक्रम में पार्षद सविता ढवस, सारिका साहू, माया यादव, शीला नारखेड़े सहित मंडल अध्यक्ष राजू जंघेल और अनुपम साहू उपस्थित रहे।