राजनांदगांव में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाओं का सम्मान, 30 महिलाओं को मिला पुरस्कार

त्वरित खबरें :भूमिका रिपोर्टिंग

राजनांदगांव। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा योग भवन पुष्प वाटिका, राजनांदगांव में परियोजना स्तरीय आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 15 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और 15 सहायिकाओं सहित कुल 30 महिलाओं को सम्मानित किया गया।

समारोह में महापौर मधुसूदन यादव मुख्य अतिथि और जिला पंचायत अध्यक्ष किरण वैष्णव विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुईं। इस दौरान महापौर ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के सेवा भाव की सराहना करते हुए कहा कि महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है।

बाल विवाह मुक्त छत्तीसगढ़ की दिलाई शपथ

कार्यक्रम के दौरान महापौर मधुसूदन यादव ने उपस्थित लोगों को बाल विवाह मुक्त छत्तीसगढ़ बनाने की शपथ दिलाई। उन्होंने बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करने के लिए जागरूकता और सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया।

समारोह में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं ने नृत्य और गायन की रंगारंग प्रस्तुतियां भी दीं। सम्मान मिलने पर महिला कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला।

विभागीय अधिकारी और कर्मचारी रहे मौजूद

इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास राजकुमार जांबुलकर, जिला महिला बाल विकास अधिकारी दीपा शाह, जिला समन्वयक किशोर माहेश्वरी सहित परियोजना अधिकारी, पर्यवेक्षक, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं उपस्थित रहीं।