दुर्ग। जिले में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए दुर्ग यातायात पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। साल 2026 में 18 नवंबर तक यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ 1 लाख 38 हजार 97 चालान जारी किए गए हैं। यह संख्या वर्ष 2025 में की गई कुल 77 हजार 235 चालानी कार्रवाई से काफी अधिक है।
यातायात पुलिस के आंकड़ों के मुताबिक, इस साल सबसे ज्यादा कार्रवाई बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों के खिलाफ की गई है। ऐसे 84,964 वाहन चालकों पर चालान किया गया। वहीं शराब पीकर वाहन चलाने वाले 2,460, तेज गति से वाहन चलाने वाले 2,502 और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने वाले 1,722 चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।
बिना हेलमेट चलने वालों पर सबसे ज्यादा कार्रवाई
यातायात पुलिस की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2025 की तुलना में 2026 में लगभग सभी प्रमुख श्रेणियों में चालानी कार्रवाई बढ़ी है। रांग पार्किंग में 16 हजार, तीन सवारी बैठाकर वाहन चलाने पर 8,707 और सीट बेल्ट नहीं लगाने पर 7,434 चालान किए गए हैं।
इसके अलावा बिना ड्राइविंग लाइसेंस वाहन चलाने वाले 772 और नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने के 111 मामलों में कार्रवाई की गई है। बिना परमिट, बिना रजिस्ट्रेशन, नो एंट्री, ओवरलोडिंग, मोबाइल पर बात करते हुए वाहन चलाने और यातायात संकेतों का उल्लंघन करने वालों पर भी कार्रवाई की गई।
89 हजार चालान न्यायालय में पेश
यातायात पुलिस के अनुसार, वर्ष 2025 में 21,413 चालान न्यायालय में पेश किए गए थे, जबकि वर्ष 2026 में 18 नवंबर तक यह संख्या बढ़कर 89,001 हो गई है।
उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग के निर्देश पर यातायात पुलिस द्वारा यह अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें। शराब पीकर वाहन न चलाएं, निर्धारित गति सीमा का पालन करें और नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने न दें।
पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई का उद्देश्य केवल चालान करना नहीं, बल्कि लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना और सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों में कमी लाना है।