रायपुर। रायपुर ग्रामीण पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए विभिन्न थानों में जब्त मादक पदार्थों का नष्टीकरण किया। सोमवार 16 नवंबर को सिलतरा स्थित जायसवाल निको प्लांट के फर्नेस में 234 किलोग्राम गांजा, 326 नग प्रतिबंधित टैबलेट और 12 ग्राम MDMA को विधिवत नष्ट किया गया।
यह कार्रवाई एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों, न्यायालय के आदेशों और शासन के दिशा-निर्देशों के तहत की गई। नष्टीकरण की प्रक्रिया जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल कमेटी की निगरानी में संपन्न हुई।
इस दौरान रायपुर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप मित्तल, नगर पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र श्रीवास्तव, उपायुक्त आबकारी डॉ. प्रवीण वर्मा सहित संबंधित थाना प्रभारी मौजूद रहे।
पुलिस के अनुसार, जब्त मादक पदार्थों को नष्ट करने की कार्रवाई में पर्यावरणीय मानकों और निर्धारित कानूनी प्रक्रियाओं का पालन किया गया। इसका उद्देश्य जब्त नशीले पदार्थों के दोबारा अवैध इस्तेमाल की संभावना को खत्म करना है।
रायपुर ग्रामीण पुलिस का कहना है कि मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।