दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में ढाबे में काम करने वाले युवक के साथ मारपीट कर लूटपाट का मामला सामने आया है। आरोपियों ने बातचीत करने के बहाने कर्मचारी को ढाबे के पीछे बुलाया और वहां उसके साथ मारपीट कर 8,500 रुपए नकद और मोबाइल फोन लूट लिया। मामले में पुलगांव पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक नाबालिग को भी पकड़ा गया है।
7 नवंबर की रात हुई वारदात
पुलिस के मुताबिक, घटना 7 नवंबर 2026 की रात करीब 8:30 बजे पुलगांव थाना क्षेत्र के एक ढाबे की है। राजनांदगांव जिले के ग्राम इंदावानी निवासी चुनेंद्र साहू उर्फ बंटी (19 वर्ष) यहां काम करता था। इसी दौरान कुछ युवक ढाबे पहुंचे और बातचीत करने के बहाने उसे पीछे ले गए।
वहां आरोपियों ने युवक से गाली-गलौज करते हुए पैसों की मांग की। विरोध करने पर हाथ-मुक्कों और डंडे से उसकी पिटाई कर दी। इसी दौरान एक आरोपी ने धारदार हथियार दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद युवक की जेब से 8,500 रुपए नकद और करीब 10 हजार रुपए कीमत का मोबाइल फोन छीनकर आरोपी फरार हो गए।
पुलगांव नदी के पास पकड़े गए आरोपी
पीड़ित की शिकायत पर पुलगांव थाने में अपराध क्रमांक 981/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 309(6) में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने तलाश के दौरान पुलगांव नदी के पास घेराबंदी कर आरोपियों को पकड़ा।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रोशन विश्वकर्मा (24), संजय तिवारी (25) और सोमेश्वर साहू (25) के रूप में हुई है। तीनों पुलगांव क्षेत्र के निवासी हैं। पुलिस ने तीनों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। वहीं, घटना में शामिल एक अपचारी बालक को संबंधित न्यायालय में पेश किया गया है।
मोबाइल फोन बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया करीब 10 हजार रुपए कीमत का मोबाइल फोन बरामद किया है। हालांकि, पुलिस की जानकारी में 8,500 रुपए नकद की बरामदगी का उल्लेख नहीं है। मामले में आगे की जांच जारी है।