रायपुर। छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका ने गुरुवार को लोकभवन में भारत रत्न एवं प्रख्यात संगीतकार डॉ. भूपेन हजारिका की पुण्यतिथि पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर राज्यपाल ने डॉ. हजारिका के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके योगदान को याद किया।
डॉ. भूपेन हजारिका भारतीय संगीत और सांस्कृतिक जगत की ऐसी बहुमुखी प्रतिभा थे, जिन्होंने अपनी कला और रचनाओं के माध्यम से असम ही नहीं, बल्कि पूरे देश और विदेशों में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। संगीत, साहित्य और सिनेमा के क्षेत्र में उनके योगदान ने भारतीय संस्कृति को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके गीतों में सामाजिक सरोकार, मानवीय संवेदनाएं और सांस्कृतिक एकता की झलक देखने को मिलती है।
डॉ. भूपेन हजारिका को भारतीय कला एवं संस्कृति के क्षेत्र में उनके असाधारण योगदान के लिए देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से सम्मानित किया गया था। उनकी रचनाएं आज भी लोगों के बीच लोकप्रिय हैं और नई पीढ़ी को भारतीय सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का काम कर रही हैं।
इस अवसर पर राज्यपाल के सचिव डॉ. सी.आर. प्रसन्ना, विधिक सलाहकार श्रीमती सत्यभामा अजय दुबे तथा लोकभवन के अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी डॉ. भूपेन हजारिका के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
लोकभवन में आयोजित इस श्रद्धांजलि कार्यक्रम के माध्यम से उपस्थित लोगों ने महान कलाकार के सांस्कृतिक योगदान और उनकी स्मृतियों को नमन किया।