कोरबा में सनसनीखेज हत्याकांड: सेप्टिक टैंक से मिला महिला का सड़ा-गला शव, लिव-इन पार्टनर पर हत्या का आरोप

त्वरित खबरें :अरुण रिपोर्टिंग

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के श्यांग थाना क्षेत्र के बरपाली गांव में करीब एक महीने से लापता 33 वर्षीय महिला का सड़ा-गला शव घर की बाड़ी में बने सेप्टिक टैंक से बरामद हुआ है। मृतका की पहचान संतोषी के रूप में हुई है। वह आरोपी बताए जा रहे मनोज उरांव के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। परिजनों ने मनोज पर महिला की हत्या कर शव छिपाने का आरोप लगाया है।

विवाद के बाद हत्या का आरोप

परिजनों के मुताबिक, 27 अगस्त को संतोषी और मनोज के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि विवाद के दौरान मनोज ने महिला के साथ मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद शव को घर की बाड़ी में बने सेप्टिक टैंक में डालकर छिपाने और परिजनों को गुमराह करने का आरोप है।

रक्षाबंधन पर मायके नहीं पहुंची तो शुरू हुई तलाश

बताया जा रहा है कि रक्षाबंधन के मौके पर संतोषी जब अपने मायके नहीं पहुंची, तो उसके भाइयों को चिंता हुई। उन्होंने बहन की तलाश शुरू की। इसी दौरान घर की बाड़ी में बने सेप्टिक टैंक का ढक्कन अधखुला मिला। आसपास तेज दुर्गंध आने पर परिजनों को संदेह हुआ और उन्होंने पुलिस को सूचना दी।

पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

सूचना मिलने के बाद पुलिस कार्यपालिक दंडाधिकारी की मौजूदगी में मौके पर पहुंची। सेप्टिक टैंक का ढक्कन खुलवाकर शव को बाहर निकाला गया। शव काफी सड़-गल चुका था। फॉरेंसिक और मेडिकल टीम ने मौके पर जांच कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

आरोपी मनोज उरांव फरार

पुलिस के अनुसार, घटना के बाद से आरोपी मनोज उरांव फरार है। वह 5 सितंबर से लापता बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट के आधार पर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

करीब एक महीने बाद सेप्टिक टैंक से महिला का शव मिलने की घटना से बरपाली गांव और आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस अब हत्या के आरोपों की जांच के साथ आरोपी की तलाश कर रही है।