दुर्ग में गौधामों की व्यवस्था को लेकर बैठक, कलेक्टर ने पानी-चारा और चिकित्सा सुविधा सुनिश्चित करने दिए निर्देश

त्वरित खबरें :अरुण रिपोर्टिंग

दुर्ग। कलेक्टर अभिजीत सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय गौधाम समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित गौधामों की व्यवस्थाओं और संचालन को लेकर चर्चा हुई। कलेक्टर ने गौधामों में निराश्रित एवं घुमंतू पशुओं के लिए पर्याप्त पानी, चारा और चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

बैठक में बताया गया कि जिन गौधामों का संचालन नगरपालिका द्वारा नहीं किया जा सकता, वहां इच्छुक संस्था या समिति से संचालन के लिए प्रस्ताव लिया जाएगा। पाटन, अमलेश्वर और अहिवारा के गौधामों के संचालन के लिए भी इच्छुक संस्थाओं एवं समितियों से प्रस्ताव आमंत्रित करने के निर्देश दिए गए।

कलेक्टर ने कहा कि गौधामों में पशुओं के संरक्षण और देखभाल में किसी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए। वहां नियमित रूप से पानी, चारा और उपचार की व्यवस्था उपलब्ध रहनी चाहिए।

इन उद्देश्यों के लिए विकसित किए जा रहे गौधाम

गौधामों का उद्देश्य निराश्रित एवं घुमंतू पशुओं तथा छत्तीसगढ़ कृषिक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 एवं नियम 2014 के तहत जप्त गौवंशीय पशुओं का वैज्ञानिक तरीके से संरक्षण और संवर्धन करना है। इसके साथ गौ उत्पादों को बढ़ावा देना, चारा विकास कार्यक्रम विकसित करना, गौधामों को प्रशिक्षण केंद्र के रूप में विकसित करना और पशु नस्ल सुधार को प्रोत्साहित करना भी इसमें शामिल है।

गौ आधारित गतिविधियों के जरिए रोजगार के अवसर विकसित करने तथा आम लोगों को गौसेवा के लिए प्रेरित करने पर भी जोर दिया गया।

पंचायत समेत ये संस्थाएं कर सकती हैं संचालन

गौधाम संचालन के लिए ग्राम पंचायत, स्व सहायता समूह, छत्तीसगढ़ राज्य गौसेवा आयोग में पंजीकृत गौशाला समिति, स्वयंसेवी संस्था, NGO, ट्रस्ट, फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी और सहकारी समिति पात्र हैं। संचालन के लिए स्थानीय ग्राम पंचायत को प्राथमिकता दी जाएगी।

यदि ग्राम पंचायत गौधाम का संचालन करती है तो छत्तीसगढ़ राज्य गौसेवा आयोग द्वारा ग्राम पंचायत से सुरक्षा निधि नहीं ली जाएगी। ग्राम पंचायत की असहमति या अनापत्ति प्रमाण पत्र की स्थिति में चिन्हांकित भूमि के आसपास स्व सहायता समूह और पंजीकृत गौशाला समितियों को क्रमवार प्राथमिकता दी जाएगी। चयनित संस्था और छत्तीसगढ़ राज्य गौसेवा आयोग के बीच अनुबंध के बाद गौधाम का संचालन संबंधित संस्था को सौंपा जाएगा।

बैठक में गौधाम समिति के अध्यक्ष विजय अग्रवाल, सभी मुख्य नगर पालिका अधिकारी, अतिरिक्त उपसंचालक डॉ. झा, डॉ. देशमुख सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।