बिलासपुर में बड़ा हादसा! मटकी बांधते वक्त हाईटेंशन तार की चपेट में आया युवक, बुरी तरह झुलसा...

त्वरित ख़बरें :- अमित यादव रिपोटिंग

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में जन्माष्टमी के उत्सव के बीच एक दर्दनाक हादसा हो गया। राजीव गांधी चौक में मटकी फोड़ कार्यक्रम की तैयारियों के दौरान मटकी बांध रहा एक युवक अचानक हाईटेंशन तार की चपेट में आ गया। करंट की चपेट में आने से युवक गंभीर रूप से झुलस गया। हादसे के बाद मौके पर हड़कंप मच गया और आनन-फानन में घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

जानकारी के मुताबिक, घायल युवक की पहचान रेहान खान के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि जन्माष्टमी के अवसर पर राजीव गांधी चौक में मटकी फोड़ कार्यक्रम की तैयारी चल रही थी। इसी दौरान रेहान मटकी बांधने का काम कर रहा था। मटकी बांधते समय वह पास से गुजर रहे हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में आ गया।

हाईटेंशन तार की चपेट में आते ही युवक बुरी तरह झुलस गया। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल मदद करते हुए घायल रेहान को अस्पताल पहुंचाया। गंभीर हालत को देखते हुए उसे सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है।

हादसे के बाद उठे सुरक्षा पर सवाल

जन्माष्टमी जैसे बड़े धार्मिक आयोजन के दौरान इस तरह का हादसा सामने आने के बाद कार्यक्रमों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। खासकर बिजली के हाईटेंशन तारों के आसपास मटकी बांधने या अन्य आयोजन करने से पहले पर्याप्त सावधानी बरतना बेहद जरूरी है। थोड़ी सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की जानकारी मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि मटकी बांधने के दौरान सुरक्षा के जरूरी इंतजाम किए गए थे या नहीं। फिलहाल घायल युवक का सिम्स अस्पताल में उपचार जारी है।