बस्तर में भीम का मैंगो आइस कैंडी Unsafe: बिक्री, वितरण और भंडारण पर तत्काल प्रतिबंध...

त्वरित ख़बरें :- अमित यादव रिपोर्टिंग

जगदलपुर। बच्चों के बीच लोकप्रिय रंग-बिरंगी आइस कैंडी को लेकर बस्तर में खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला की जांच में भीम का मैंगो पैकेट ग्रीन कलर मैंगो आइस कैंडी को असुरक्षित यानी Unsafe पाया गया है।

जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग ने पूरे बस्तर जिले में इस आइस कैंडी की बिक्री, वितरण और भंडारण पर तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगा दिया है।

दुकानदारों को स्टॉक हटाने के निर्देश

खाद्य सुरक्षा विभाग ने जिले के सभी थोक और चिल्हर व्यापारियों को संबंधित उत्पाद की बिक्री तत्काल बंद करने के निर्देश दिए हैं। दुकानों और बाजार में मौजूद स्टॉक को वापस मंगाकर नियमानुसार नष्ट करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

विभाग ने स्पष्ट किया है कि प्रतिबंध के बावजूद यदि कहीं भी इस उत्पाद की बिक्री या भंडारण पाया जाता है, तो संबंधित व्यापारी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

मयोनीज भी जांच में अमानक

खाद्य सुरक्षा विभाग की अधिकारी पूनम कुंजाम ने बताया कि भीम का मैंगो आइस कैंडी जांच में असुरक्षित पाई गई है। इसके अलावा वीबा एगलेस मयोनीज को भी अमानक पाया गया है। दोनों उत्पादों के विक्रय, वितरण और भंडारण पर पूरे बस्तर जिले में प्रतिबंध लगाया गया है।

खाद्य विभाग ने लोगों से की अपील

खाद्य सुरक्षा विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि प्रतिबंधित खाद्य उत्पादों की खरीद-बिक्री न करें। यदि कहीं इन उत्पादों का भंडारण या बिक्री की जानकारी मिलती है, तो इसकी सूचना तत्काल खाद्य सुरक्षा विभाग को दें।

विभाग के अनुसार, खाद्य पदार्थों से संबंधित शिकायतें टोल-फ्री नंबर के माध्यम से भी दर्ज कराई जा सकती हैं।