रायपुर। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गुढ़ियारी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 16 किलोग्राम गांजा के साथ एक अंतर्राज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी को रेलवे प्लेटफॉर्म नंबर 7 के बाहर पार्किंग से गांजा तस्करी करते हुए पकड़ा गया। जब्त गांजा और मोबाइल फोन की कुल कीमत करीब 8 लाख 10 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) दीपमाला कश्यप के दिशा-निर्देशन में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध खरीदी-बिक्री पर रोक लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 14 अगस्त 2026 को गुढ़ियारी पुलिस को सूचना मिली कि रेलवे प्लेटफॉर्म नंबर 7 के बाहर पार्किंग में एक व्यक्ति बैग में गांजा रखकर कहीं जाने की फिराक में है।
सूचना के आधार पर अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त श्री आदित्य पांडे और सहायक पुलिस आयुक्त सुश्री पूर्णिमा लामा ने पुलिस टीम को कार्रवाई के निर्देश दिए। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन और थाना प्रभारी गुढ़ियारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर मुखबिर द्वारा बताए हुलिए के आधार पर संदिग्ध व्यक्ति की पहचान कर उसे पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम गोलू सिंह, निवासी जबलपुर, मध्यप्रदेश बताया। पुलिस टीम ने उसके पास रखे बैग की तलाशी ली, जिसमें गांजा बरामद हुआ। आरोपी के कब्जे से 16 किलोग्राम गांजा और तस्करी में प्रयुक्त एक मोबाइल फोन जब्त किया गया।
पुलिस के अनुसार, जब्त मशरूका की कुल कीमत करीब 8,10,000 रुपये है। आरोपी गोलू सिंह पिता भूपत सिंह, उम्र 24 वर्ष, निवासी ग्राम सुन्दरदेही, थाना बेलखेड़ा, जिला जबलपुर (मध्यप्रदेश) के खिलाफ थाना गुढ़ियारी में अपराध क्रमांक 335/2026 के तहत धारा 20(बी) नारकोटिक एक्ट में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की गई है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र साहू, उप निरीक्षक कैलाश केशरवानी, पीएसआई वरदान सिंह सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
नशे के खिलाफ कार्रवाई जारी
पुलिस ने स्पष्ट किया कि नशीले पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि क्षेत्र में नशीले पदार्थों की बिक्री या तस्करी से जुड़ी कोई संदिग्ध गतिविधि नजर आने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। पुलिस का उद्देश्य नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाकर युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाना है।