बेकाबू बाइक रेलिंग से टकराई, युवक के पेट के आर-पार हुआ लोहे का पाइप; तीन घायल...

त्वरित खबरें :- अमित यादव रिपोर्टिंग

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के सकरी थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कानन पेंडारी के पास तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगी लोहे की रेलिंग से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि रेलिंग का लोहे का सरिया और पाइप दो युवकों के पेट में घुस गया। हादसे में तीन युवक घायल हुए हैं, जिनमें दो की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है।

रेलिंग से टकराने के बाद हुआ दर्दनाक हादसा

जानकारी के अनुसार, मुंगेली जिले के पेंड्रीडीह, जरहागांव निवासी तीन युवक बाइक से बिलासपुर आए थे। बताया जा रहा है कि वे यहां अपने एक दोस्त को लेने पहुंचे थे, लेकिन पता चला कि उनका दोस्त पहले ही वापस गांव लौट चुका है।

इसके बाद तीनों युवक बाइक से अपने गांव वापस जा रहे थे। इसी दौरान कानन पेंडारी के पास बाइक तेज रफ्तार होने के कारण अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे लगी रेलिंग से जा भिड़ी।

दो युवकों के पेट में घुसा लोहे का सरिया

हादसा इतना भयानक था कि रेलिंग का लोहे का सरिया दो युवकों के पेट के आर-पार हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दुर्घटना का दृश्य बेहद भयावह था।

घायल युवकों में अब्राहम के पेट में सरिया फंस गया था, जबकि प्रियांशु के पेट में घुसे लोहे के पाइप को सिम्स अस्पताल में प्रारंभिक उपचार के दौरान निकाला गया। वहीं तीसरे युवक को सामान्य चोटें आई हैं और उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

पुलिस ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल

हादसे के बाद वहां से गुजर रहे एक राहगीर ने घायलों के मोबाइल फोन से उनके परिजनों को सूचना दी। इसके साथ ही डायल-112 और सकरी थाना पुलिस को भी घटना की जानकारी दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों की मदद से घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद तीनों को तत्काल सिम्स अस्पताल बिलासपुर पहुंचाया गया।

अपोलो अस्पताल में गंभीर युवकों का इलाज जारी

सिम्स अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद अब्राहम और प्रियांशु की हालत गंभीर देखते हुए परिजन उन्हें बेहतर इलाज के लिए अपोलो अस्पताल ले गए। दोनों का इलाज जारी है और डॉक्टरों के अनुसार उनकी स्थिति अभी भी नाजुक बनी हुई है।

तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह

प्रारंभिक जांच में पुलिस ने हादसे का कारण बाइक की तेज रफ्तार और अनियंत्रित होकर रेलिंग से टकराना बताया है। सकरी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच शुरू कर दी है।