डोंगरगढ़। शहर के बीचों-बीच स्थित बस स्टैंड के SBI ATM बूथ में रविवार और सोमवार की दरमियानी रात चोरी की कोशिश का मामला सामने आया है। आरोपी ने पहले CCTV कैमरा तोड़ा और फिर हथौड़ी-छीनी से ATM मशीन के कवर और दरवाजे वाले हिस्से को तोड़ने की कोशिश की। हालांकि, स्थानीय लोगों की सतर्कता और पुलिस की तत्परता से आरोपी को रकम चोरी करने से पहले ही पकड़ लिया गया।
बताया जा रहा है कि आरोपी पूरी तैयारी के साथ ATM बूथ में दाखिल हुआ था। उसने सबसे पहले CCTV कैमरे को नुकसान पहुंचाया, ताकि उसकी गतिविधियां रिकॉर्ड न हो सकें। इसके बाद हथौड़ी और छीनी से ATM मशीन के बाहरी हिस्से पर कई वार किए, जिससे मशीन क्षतिग्रस्त हो गई।
इसी दौरान आसपास मौजूद लोगों की नजर ATM बूथ में चल रही संदिग्ध गतिविधियों पर पड़ी। लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया और तत्काल पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर थाने ले गई।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
डोंगरगढ़ SDOP केसरी नंदन नायक के मुताबिक, पुलिस पेट्रोलिंग के दौरान ATM के पास एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया था। जांच के दौरान उसके पास से हथौड़ी और छीनी बरामद हुई। आरोपी ने ATM के कवर वाले हिस्से को तोड़ दिया था।
पूछताछ में आरोपी की पहचान सेवाराम वर्मा निवासी अंडी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी नशे की हालत में था और शुरुआती पूछताछ में ज्यादा जानकारी नहीं दे पाया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि वह अकेले ATM तोड़ने पहुंचा था या उसके साथ कोई और भी शामिल था।
घटना के दौरान स्थानीय निवासी और SBI कर्मचारी अंजल निगम भी वहां पहुंचे थे। उनकी सतर्कता और स्थानीय लोगों की तत्परता से ATM से रकम चोरी होने से पहले ही आरोपी पकड़ा गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।