कलकस्सा से कटली मार्ग हुआ कबाड़, मरम्मत के नाम पर खानापूर्ति का आरोप....

त्वरित खबरें राहुल ओझा ब्यूरो प्रमुख रिपोर्टिंग

कलकस्सा से कटली मार्ग हुआ कबाड़, मरम्मत के नाम पर खानापूर्ति का आरोप....

डोंगरगढ़/कलकस्सा। डोंगरगढ़ विधानसभा क्षेत्र के सर्वाधिक राजस्व देने वाले ग्राम कलकस्सा से कटली तक जाने वाली मुख्य सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे और उखड़ी हुई सतह के कारण लोगों का आवागमन बेहद कठिन हो गया है।

ग्रामीणों का आरोप है कि लोक निर्माण विभाग द्वारा सड़क की मरम्मत के नाम पर केवल बजरी बिछाकर औपचारिकता पूरी कर दी गई। पहली ही बारिश में बजरी बह गई और सड़क की स्थिति पहले से भी अधिक खराब हो गई। इससे विभागीय कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यह मार्ग क्षेत्र के कई गांवों को जोड़ता है और प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग इसी सड़क से आवागमन करते हैं। सड़क खराब होने से दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को दुर्घटना का खतरा बना रहता है।

ग्रामीणों ने बताया कि इस मार्ग का उपयोग आसपास स्थित शराब दुकानों तक आने-जाने वाले लोग भी बड़ी संख्या में करते हैं। खराब सड़क के कारण मदिरा प्रेमियों सहित आम नागरिकों को भी आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों ने प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि खानापूर्ति वाली मरम्मत के बजाय सड़क का स्थायी एवं गुणवत्तापूर्ण निर्माण कराया जाए, ताकि लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।