बारिश में पिकनिक का रोमांच न बने हादसा: कोरबा प्रशासन की अपील, झरनों और जलप्रपातों पर बरतें विशेष सावधानी

त्वरित ख़बरें

कोरबा /  मानसून के दौरान कोरबा जिले के जलप्रपात और पिकनिक स्थल प्राकृतिक सुंदरता के कारण बड़ी संख्या में पर्यटकों को आकर्षित करते हैं, लेकिन यही खूबसूरती बरसात में जानलेवा भी साबित हो सकती है। जिला प्रशासन ने लोगों से देवपहरी, परसखोला, केंदई, फुटहामुड़ा, सतरेंगा, नकिया सहित जिले के सभी पर्यटन स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।

प्रशासन ने बताया कि लगातार बारिश के दौरान जलप्रपातों का जलस्तर अचानक बढ़ सकता है। ऊपरी क्षेत्रों में हुई बारिश का पानी कुछ ही मिनटों में तेज बहाव के साथ नीचे पहुंच जाता है। पानी के भीतर छिपी गहरी खाइयां, फिसलन भरी चट्टानें और तेज धाराएं छोटी-सी लापरवाही को बड़े हादसे में बदल सकती हैं।

बीते वर्षों में जिले के कई पर्यटन स्थलों पर छात्र, युवा और पर्यटक पानी में बहने या चट्टानों के बीच फंसने जैसी दर्दनाक घटनाओं का शिकार हुए हैं। ऐसे हादसों से सबक लेते हुए प्रशासन ने लोगों से चेतावनी बोर्डों और सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की है। पुलिस, नगर सेना और एसडीआरएफ लगातार निगरानी कर रहे हैं, लेकिन खराब मौसम और दुर्गम क्षेत्रों के कारण हर स्थिति में तत्काल बचाव संभव नहीं हो पाता।

प्रशासन ने लोगों से तेज बारिश के दौरान पिकनिक का कार्यक्रम टालने, झरनों और नदियों में न उतरने, फिसलन भरी चट्टानों पर सेल्फी या वीडियो बनाने से बचने, बच्चों पर विशेष निगरानी रखने और नशे की हालत में पर्यटन स्थलों पर नहीं जाने की सलाह दी है। साथ ही प्राथमिक उपचार सामग्री, टॉर्च और मोबाइल साथ रखने, अंधेरा होने से पहले घर लौटने तथा किसी भी दुर्घटना की स्थिति में तुरंत डायल 112 या स्थानीय प्रशासन को सूचना देने की अपील की गई है।

प्रशासन ने कहा है कि बारिश का मौसम प्रकृति की खूबसूरती का आनंद लेने का समय है, लेकिन रोमांच के लिए अनावश्यक जोखिम उठाना भारी पड़ सकता है। सुरक्षित रहें, परिवार को सुरक्षित रखें और पिकनिक से केवल अच्छी यादें लेकर घर लौटें।