दुर्ग में सनसनी: पूर्व केयरटेकर ने बुजुर्ग दंपती को बनाया निशाना, CCTV से हुआ खुलासा

त्वरित खबरें :अमित रिपोर्टिंग

दुर्ग ,जिले के नेवई थाना क्षेत्र में बुजुर्ग दंपती के घर हुई लूट की वारदात का पुलिस ने त्वरित खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि वारदात को अंजाम देने वाला व्यक्ति दंपती का पूर्व केयरटेकर था, जिसे करीब तीन महीने पहले नौकरी से निकाल दिया गया था। इसी रंजिश में उसने लूट की साजिश रची।

पुलिस के अनुसार, आरोपी शुभकामना हाइट्स, प्रगति नगर, रिसाली स्थित मकान में चाकू लेकर घुसा और बुजुर्ग दंपती को हथियार दिखाकर डराया। इसके बाद महिला के गले से सोने का नेकलेस छीन लिया और नगदी की मांग करते हुए मौके से फरार हो गया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया।

वारदात की सूचना मिलते ही नेवई पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान की गई। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, धारदार चाकू, वारदात के समय पहने गए कपड़े तथा अन्य साक्ष्य बरामद किए गए हैं। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

दुर्ग पुलिस ने बताया कि जिले में लूट, चोरी और अन्य संगीन अपराधों में शामिल आरोपियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। साथ ही नागरिकों से अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।