रायपुर। रायपुर के डीडी नगर थाना पुलिस ने सोशल मीडिया के माध्यम से अधिक मुनाफे का झांसा देकर दोना-पत्तल बनाने की मशीन और कच्चा माल उपलब्ध कराने के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी ने सोशल मीडिया पर दोना-पत्तल निर्माण उद्योग से संबंधित विज्ञापन देखकर आरोपी से संपर्क किया था। आरोपी ने खुद को कंपनी संचालक बताते हुए मशीन, कच्चा माल उपलब्ध कराने और तैयार माल खरीदने का भरोसा दिलाया। साथ ही उद्योग से अधिक मुनाफा कमाने का लालच भी दिया।
आरोपी की बातों में आकर पीड़ित ने अलग-अलग किश्तों में करीब ₹2.95 लाख उसके खाते में जमा कर दिए। रकम लेने के बाद आरोपी ने मशीन और कच्चा माल उपलब्ध कराने में टालमटोल शुरू कर दी और अपने वादे पूरे नहीं किए। इसके बाद पीड़ित ने डीडी नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई।
मामले की जानकारी मिलने पर डीसीपी (पश्चिम) संदीप पटेल और एडिशनल डीसीपी राहुल देव शर्मा के निर्देश पर एसीपी पुरानी बस्ती देवांश सिंह राठौर तथा डीडी नगर थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने दस्तावेजी और तकनीकी साक्ष्य जुटाकर आरोपी की पहचान की और पूछताछ के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान शैलेन्द्र कुमार रजक (39 वर्ष) के रूप में हुई है। उसके खिलाफ अपराध क्रमांक 404/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) में मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ने अधिक लाभ का लालच देकर लोगों से पैसे वसूले। पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि आरोपी 25 से 30 अन्य लोगों के साथ-साथ अन्य राज्यों के लोगों को भी इसी तरह ठगी का शिकार बना चुका हो सकता है। फिलहाल पुलिस वित्तीय लेन-देन और मामले के अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।