पेश बघेल इंस्टा चैट केस में जेल में बंद यूट्यूबर्स पर दूसरी FIR, महिला से ब्लैकमेलिंग-उगाही का आरोप

त्वरित खबरें :अरुण रिपोर्टिंग

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से जुड़े कथित इंस्टाग्राम चैट विवाद में जेल में बंद यूट्यूबर्स सागर साहू और पुष्पराज सिंह की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ गई हैं। महिला की शिकायत पर पुलिस ने दोनों के खिलाफ ब्लैकमेलिंग, उगाही और धमकी देने के आरोप में दूसरी एफआईआर दर्ज की है। मामला पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, शिकायतकर्ता महिला ग्राहक सेवा केंद्र (सीएससी) संचालित करती हैं। यूट्यूबर्स ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर आरोप लगाया था कि महिला ग्राहकों के अंगूठे के निशान का गलत इस्तेमाल कर उनके बैंक खातों से पैसे निकालती है। महिला का कहना है कि आरोप झूठे हैं और बातचीत को तोड़-मरोड़कर वीडियो तैयार कर सोशल मीडिया पर प्रसारित किया गया।

महिला ने पुलिस को बताया कि वीडियो हटाने के बदले आरोपियों ने 50 हजार रुपए की मांग की। उनके अनुसार, 35 हजार रुपए देने के बाद वीडियो हटा दिया गया, लेकिन इसके बाद फिर 2 लाख रुपए की मांग की गई। रकम नहीं देने पर दोबारा वीडियो वायरल कर बदनाम करने और नए वीडियो जारी करने की धमकी दी गई।

पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हालांकि, सागर साहू और पुष्पराज सिंह फिलहाल पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से जुड़े कथित इंस्टाग्राम चैट मामले में पहले से ही न्यायिक हिरासत में जेल में बंद हैं।

पुलिस का कहना है कि नए मामले में शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। जांच के दौरान उपलब्ध साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।