BSP स्क्रैप चोरी केस: मुख्य आरोपी से पूछताछ में सामने आई करोड़ों की अवैध संपत्ति

त्वरित खबरें :अरुण रिपोर्टिंग

दुर्ग, पुलिस ने भिलाई स्टील प्लांट (बीएसपी) से संगठित स्क्रैप चोरी और उसके अवैध परिवहन-बिक्री के मामले में गिरफ्तार तीन आरोपियों को पुलिस रिमांड के बाद न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। पूछताछ के दौरान पुलिस को करोड़ों रुपये की अवैध संपत्ति और आभूषणों से जुड़े अहम सुराग मिले हैं।

पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी संजय सिंह के लॉकर से करीब 50 लाख रुपये मूल्य के आभूषण और लगभग 3 करोड़ रुपये की अचल संपत्तियों से संबंधित दस्तावेज बरामद किए गए हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि चोरी से अर्जित रकम को संपत्तियों और आभूषणों में निवेश किया गया था।

मामले में पहले ही 9 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी थी। रिमांड के दौरान मुख्य आरोपी से पूछताछ में अमित शर्मा और आकाश कुमार सिंह की संलिप्तता उजागर हुई, जिसके बाद दोनों को भी गिरफ्तार किया गया। अब तक इस प्रकरण में कुल 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

पुलिस ने घटनास्थल का पुनर्निर्माण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। साथ ही चोरी के स्क्रैप के परिवहन में उपयोग किए गए वाहनों की फर्जी नंबर प्लेट भी बरामद की गई है।

गौरतलब है कि पुलिस ने पहले कार्रवाई करते हुए लगभग 250 टन स्क्रैप, वाहन और मशीनरी समेत करीब 3.22 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की थी। मामले की विवेचना जारी है और आरोपियों की चल-अचल संपत्तियों की कुर्की की कार्रवाई भी की जाएगी।