10 लाख की लूट का 24 घंटे में खुलासा, कंपनी का कर्मचारी ही निकला मास्टरमाइंड
रायपुर। मंदिर हसौद थाना क्षेत्र में 10 लाख रुपये की लूट की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। इस मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि लूट का मास्टरमाइंड कंपनी का ही कर्मचारी निकला, जिसने अपने भाई और उसके साथी के साथ मिलकर पूरी साजिश रची थी।
पुलिस के मुताबिक, प्रार्थी अतुल अग्रवाल निर्माण कार्य से जुड़े हैं और उनकी कंपनी का कार्यालय समता कॉलोनी में स्थित है। वर्तमान में उनकी कंपनी का निर्माण कार्य नया रायपुर के सेक्टर-26 में चल रहा है। 16 जून 2026 को कंपनी के कर्मचारी विद्यासागर डहरिया को मजदूरों के भुगतान के लिए 10 लाख रुपये नकद सौंपे गए थे।
शाम करीब 6:17 बजे विद्यासागर डहरिया मोटरसाइकिल से नगदी लेकर नया रायपुर जा रहा था। इसी दौरान रायपुर-सेरीखेड़ी मार्ग स्थित ओवरब्रिज के पास स्कार्फ से चेहरा ढके दो बदमाशों ने उसका पीछा किया। बैग छीनने में असफल रहने पर एक आरोपी ने चाकू दिखाकर उसे धमकाया और 10 लाख रुपये से भरा बैग लूटकर फरार हो गए।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) श्री स्मृतिक राजनाला और पुलिस अधीक्षक (रायपुर ग्रामीण) श्रीमती श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा मंदिर हसौद पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तकनीकी विश्लेषण किया और कंपनी के कर्मचारियों से पूछताछ की। जांच के दौरान कंपनी के कर्मचारी दिनेश राव की गतिविधियां संदिग्ध पाई गईं। पूछताछ में वह बार-बार अपने बयान बदल रहा था।
कड़ाई से पूछताछ करने पर दिनेश राव ने खुलासा किया कि वह वर्ष 2022 से कंपनी में ऑफिस बॉय के रूप में काम कर रहा था और उसे कंपनी की नगदी के आवागमन की पूरी जानकारी थी। उसने लगभग एक माह पहले लूट की योजना बनाई और अपने भाई तथा उसके साथी को इसमें शामिल कर लिया।
घटना वाले दिन उसने विद्यासागर डहरिया के कार्यालय से निकलने की सूचना अपने भाई को दी और उसका पीछा करता रहा। इसके बाद उसके भाई और उसके साथी ने चाकू दिखाकर वारदात को अंजाम दिया। लूट के बाद तीनों अमलेश्वर में मिले, जहां दिनेश ने 10 लाख रुपये में से दोनों साथियों को 30-30 हजार रुपये देकर शेष 9 लाख 70 हजार रुपये अपने पास रख लिए।
पुलिस ने आरोपी दिनेश राव को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर 9 लाख 70 हजार रुपये नकद, वारदात में प्रयुक्त बर्गमैन स्कूटर क्रमांक सीजी-04-क्यूके-6037 और एक मोबाइल फोन जब्त किया है। जब्त मशरूका की कुल कीमत लगभग 10 लाख 80 हजार रुपये आंकी गई है।
आरोपी दिनेश राव (22 वर्ष) मूल रूप से ओडिशा के गंजाम जिले का निवासी है और वर्तमान में रायपुर के चौबे कॉलोनी क्षेत्र में रह रहा था। उसके खिलाफ थाना मंदिर हसौद में अपराध क्रमांक 286/26 के तहत धारा 309(4) और 3(5) भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने बताया कि मामले में फरार दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।