राजधानी रायपुर, के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर सोमवार को एक बड़ा हादसा टल गया। एयर इंडिया की एक उड़ान बर्ड हिट की घटना का शिकार हो गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में विमान को कोई नुकसान नहीं पहुंचा और सभी यात्री सुरक्षित हैं।
जानकारी के अनुसार, एयर इंडिया का विमान उड़ान भरने की तैयारी कर रहा था, तभी अचानक एक चिड़िया विमान से टकरा गई। घटना के बाद एहतियात के तौर पर विमान को तुरंत तकनीकी जांच के लिए रोका गया। एयरपोर्ट प्रशासन और एयरलाइन के इंजीनियरों ने विमान का विस्तृत निरीक्षण किया।
प्रारंभिक जांच में विमान के इंजन और बाहरी हिस्सों में किसी प्रकार की क्षति नहीं पाई गई। तकनीकी टीम की ओर से विमान को सुरक्षित घोषित किए जाने के बाद आगे की प्रक्रिया शुरू की गई।
बर्ड हिट की घटनाओं को विमानन क्षेत्र में गंभीरता से लिया जाता है, क्योंकि कई बार पक्षियों के टकराने से इंजन और अन्य महत्वपूर्ण हिस्सों को नुकसान पहुंच सकता है। इसी वजह से ऐसी घटनाओं के बाद विमान की विस्तृत जांच अनिवार्य होती है।
एयरपोर्ट अधिकारियों के मुताबिक, घटना के दौरान यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई। जांच पूरी होने तक विमान को उड़ान की अनुमति नहीं दी गई। फिलहाल, इस घटना से किसी तरह के जानमाल के नुकसान की सूचना नहीं है।
गौरतलब है कि एयरपोर्ट के आसपास पक्षियों की आवाजाही को नियंत्रित करने के लिए समय-समय पर विशेष अभियान चलाए जाते हैं, ताकि बर्ड हिट जैसी घटनाओं को रोका जा सके। इसके बावजूद कभी-कभी ऐसी घटनाएं सामने आ जाती हैं, जिनसे विमानन सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो जाती हैं।