*रायपुर, रायपुर पुलिस ने नारकोटिक्स के स्थानीय नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 96 घंटे के विशेष अभियान में हिस्ट्रीशीटर सहित कुल 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और विभिन्न थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में हेरोइन, एमडी ड्रग्स, नशीली गोलियां और गांजा सहित लगभग 5 लाख रुपये का मादक पदार्थ एवं अन्य सामान जब्त किया गया है।
पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला और अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित तुकाराम कांबले के मार्गदर्शन में चलाए गए अभियान के दौरान टिकरापारा, सिविल लाइन, न्यू राजेंद्र नगर, खमतराई और डीडी नगर थाना क्षेत्रों में कार्रवाई की गई। इस दौरान नारकोटिक्स एक्ट के छह प्रकरणों के साथ-साथ चार आर्म्स एक्ट मामलों में भी गिरफ्तारी की गई।
सबसे चर्चित कार्रवाई सिविल लाइन थाना क्षेत्र में हुई, जहां पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर अफसर कादर (35) को 5 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया। अफसर कादर के खिलाफ हत्या के प्रयास, लूट, चोरी, आर्म्स एक्ट, दुष्कर्म और अन्य गंभीर अपराधों सहित दो दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं।
अभियान के दौरान पुलिस ने:
* 8.75 ग्राम हेरोइन
* 5 ग्राम एमडी ड्रग्स
* 238 नशीली टेबलेट (नाइट्राजेपाम सहित)
* 3 किलोग्राम गांजा
* नगदी राशि और मोबाइल फोन
जब्त किए हैं।
टिकरापारा क्षेत्र से हरप्रीत सिंह मट्टू और ऋषि साहू को हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया गया, जबकि न्यू राजेंद्र नगर में महावीर जैन के कब्जे से 198 नशीली टेबलेट बरामद हुईं। खमतराई और सिविल लाइन के मामलों में दो विधि-विरुद्ध संघर्षरत बालकों को भी पकड़ा गया। वहीं डीडी नगर में गुलाब कंडरा को 1.2 किलोग्राम गांजे के साथ गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार कमिश्नरेट प्रणाली लागू होने के बाद अब तक नारकोटिक एक्ट के 49 मामलों में 113 आरोपियों की गिरफ्तारी की जा चुकी है तथा 2.63 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य का मादक पदार्थ और अन्य सामग्री जब्त की गई है।
पुलिस ने बताया कि सभी मामलों में एंड-टू-एंड विवेचना की जा रही है और मादक पदार्थों की सप्लाई चेन से जुड़े अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।