रायपुर। रायपुर पुलिस ने खम्हारडीह थाना क्षेत्र के गोल्डन होम्स में हुई चोरी की वारदात का सफल खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी के सोने-चांदी के जेवरात, नकदी, चोरी के पैसों से खरीदा गया मोबाइल फोन, कूलर तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल सहित लगभग 6.28 लाख रुपये का सामान बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, गोल्डन होम्स निवासी भरत छापड़िया ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 3-4 जून 2026 की रात अज्ञात चोर उनके घर में घुसकर आलमारी और लॉकर से सोने के आभूषण, चांदी के सिक्के और नकदी चोरी कर ले गए। मामले में खम्हारडीह थाना में अपराध क्रमांक 176/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (उत्तर) मयंक गुर्जर के निर्देश पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा खम्हारडीह थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। जांच के दौरान मुख्य आरोपी डी रवि राव उर्फ डी बच्चन (29) की पहचान हुई, जो पहले भी चोरी, मारपीट और अन्य मामलों में जेल जा चुका है।
पूछताछ में रवि राव ने चोरी की वारदात स्वीकार करते हुए बताया कि चोरी का कुछ सामान उसने अपने चचेरे भाई डी इग्नेश राव (19) और परिचित अशोक मानिकपुरी (53) को बिक्री और छिपाने के लिए दिया था। इसके बाद पुलिस ने दोनों को भी गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने बताया कि डी इग्नेश राव भी पूर्व में आर्म्स एक्ट के मामले में जेल जा चुका है।
गिरफ्तार आरोपी:
डी रवि राव उर्फ डी बच्चन (29), जल विहार कॉलोनी, तेलीबांधा, रायपुर
डी इग्नेश राव (19), जल विहार कॉलोनी, तेलीबांधा, रायपुर
अशोक मानिकपुरी (53), श्याम नगर, तेलीबांधा, रायपुर
पुलिस ने मामले में आगे की जांच जारी होने की जानकारी दी।