मोहला, 9 जून 2026। सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत जनपद पंचायत मोहला की ग्राम पंचायत रानाटोला में जन समस्या निवारण शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस शिविर की विशेष थीम “पढ़ेगा भारत, बढ़ेगा भारत” रही, जिसके माध्यम से शिक्षा के महत्व और विकसित भारत के निर्माण में ग्रामीण क्षेत्रों की भूमिका पर विशेष जोर दिया गया। ग्रामीण स्तर पर आयोजित होने वाले सुशासन तिहार का यह अंतिम क्लस्टर स्तरीय शिविर था, जिसमें रानाटोला, घावड़ेटोला, मरारटोला, तेलीटोला, आलकन्हार, चापाटोला, देवरसूर, रेगाकठेरा, कोर्रामटोला तथा पांडरवानी सहित 10 ग्राम पंचायतों के ग्रामीण बड़ी संख्या में शामिल हुए।
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा आकर्षक स्टॉल लगाए गए, जहां ग्रामीणों को शासन की योजनाओं, कार्यक्रमों और सेवाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत सामग्री वितरण किया गया तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले हितग्राहियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष नम्रता सिंह ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि सुशासन तिहार शासन और जनता के बीच संवाद का प्रभावी मंच बनकर उभरा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है और इसी उद्देश्य से जन समस्या निवारण शिविरों का आयोजन किया जा रहा है।
उन्होंने ग्रामीणों से शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता और आजीविका से जुड़े कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील करते हुए कहा कि “पढ़ेगा भारत, बढ़ेगा भारत” केवल एक नारा नहीं बल्कि सशक्त और विकसित राष्ट्र निर्माण का संकल्प है। वहीं कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने कहा कि शिविरों में प्राप्त सभी आवेदनों को सुशासन तिहार पोर्टल में दर्ज कर संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजा जा रहा है। जिला स्तर की समस्याओं का समाधान जिला प्रशासन द्वारा किया जाएगा, जबकि राज्य स्तर से संबंधित मामलों को उच्च कार्यालयों तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सभी आवेदनों का निराकरण प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जा रहा है।
कलेक्टर ने कहा कि ऐसे शिविरों के माध्यम से आम नागरिकों को शासन की योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है ताकि पात्र हितग्राही योजनाओं का अधिकतम लाभ उठा सकें। उन्होंने जल संरक्षण और जल संचय को बढ़ावा देने के लिए कोरिया मॉडल, कुआं-तालाब निर्माण तथा अन्य जल संरचनाओं के विकास पर विशेष बल दिया। साथ ही ग्रामीणों को स्वरोजगार, स्वयं सहायता समूहों और विभिन्न आजीविका गतिविधियों से जुड़कर आर्थिक रूप से सशक्त बनने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए ग्रामीणों से स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने और गांवों को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने में सहयोग करने की अपील की। इसके अलावा किसानों और आम नागरिकों से एग्रीस्टैक पोर्टल में पंजीयन कराने का आग्रह किया ताकि वे कृषि एवं अन्य शासकीय योजनाओं का बेहतर लाभ प्राप्त कर सकें। कार्यक्रम के अंत में कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने ग्रामीण स्तर पर आयोजित अंतिम शिविर के सफल आयोजन के लिए सभी विभागीय अधिकारियों-कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों, पत्रकारों और ग्रामीण नागरिकों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।