मोबाइल पेट्रोलिंग की बड़ी कार्रवाई, अड्डेबाजी और हुड़दंग पर लगा अंकुश

त्वरित खबरें : अरुण रिपोर्टिंग

दुर्ग, पुलिस द्वारा जिले में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और आम नागरिकों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अड्डेबाजी, खुले में शराब सेवन तथा रात्रि के समय हुड़दंग करने वालों के खिलाफ विशेष अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में 31 मई 2026 को जिलेभर में मोबाइल पेट्रोलिंग इकाइयों द्वारा प्रमुख बाजारों, चौक-चौराहों, सार्वजनिक स्थलों और संवेदनशील क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाया गया। पुलिस टीमों ने संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखते हुए सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने, अनावश्यक भीड़ जुटाने और शांति व्यवस्था भंग करने वाले लोगों के खिलाफ त्वरित वैधानिक कार्रवाई की।

अभियान के दौरान जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में कुल 55 प्रकरण दर्ज किए गए, जिनमें 36(च) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस द्वारा जारी जानकारी के अनुसार छावनी अनुभाग में सर्वाधिक 22 प्रकरण दर्ज हुए, जबकि भिलाई नगर अनुभाग में 18, दुर्ग अनुभाग में 8 और धमधा अनुभाग में 7 मामलों में वैधानिक कार्रवाई की गई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे ताकि असामाजिक तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके और आम नागरिकों को सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण माहौल मिल सके।

इस कार्रवाई को सफल बनाने में जिले के सभी थाना प्रभारियों, मोबाइल पेट्रोलिंग टीमों, डायल-112 स्टाफ तथा अन्य पुलिस बल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे सार्वजनिक स्थानों पर कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें तथा किसी भी संदिग्ध या असामाजिक गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।