पुरानी भिलाई पुलिस का बड़ा खुलासा: 3.22 करोड़ का चोरी का लोहा और भारी वाहन जब्त

त्वरित खबरें :अरुण रिपोर्टिंग

पुरानी भिलाई \  थाना पुलिस ने चोरी के लोहे के बड़े नेटवर्क का खुलासा करते हुए करोड़ों रुपए का माल जब्त किया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में विशेष जांच टीम गठित की गई है। साथ ही पुलिस ने इस पूरे मामले में संगठित अपराध की धाराएं भी जोड़ दी हैं।

पुलिस को 26 मई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम अकलोरडीह खदान पारा स्थित ए.के. ट्रेडर्स प्लॉट नंबर 18 ए/05 एचआईए हथखोज भिलाई में संदिग्ध तरीके से भारी मात्रा में लोहे का कारोबार किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। जांच के दौरान हाईवा वाहन CG04QT8797 में लोहे की प्लेट कटिंग और बीम फ्लू डस्ट के साथ भरी हुई मिली। वहीं ट्रक CG10R2004 में भी बड़ी मात्रा में लोहे की प्लेट कटिंग लोड थी। एक अन्य हाईवा वाहन CG08AW1475 खाली हालत में मिला, जिसने कथित तौर पर अपना माल वहीं उतारा था।

मौके पर पुलिस को दो बड़े ढेरों में लोहे की प्लेट, बीम कटिंग और फ्लू डस्ट मिला। जांच में यह भी सामने आया कि फ्लू डस्ट का उपयोग चोरी के लोहे को छिपाने के लिए किया जा रहा था, ताकि ऊपर से देखने पर केवल डस्ट दिखाई दे और अंदर भरे लोहे पर किसी को शक न हो। इसके अलावा ट्रक, टाटा 1109, टाटा एस, जेसीबी, हाइड्रा और चैन माउंटिंग मशीनों का उपयोग लोहा लोड और अनलोड करने में किया जा रहा था।

पुलिस के अनुसार जब्त लोहे का वजन करीब 250 टन है, जिसकी कीमत लगभग 90 लाख रुपए आंकी गई है। वहीं वाहनों और मशीनों सहित कुल जब्त संपत्ति की कीमत करीब 3 करोड़ 22 लाख रुपए बताई गई है।

जांच के दौरान वाहन चालकों और ए.के. ट्रेडर्स के सुपरवाइजर से दस्तावेज मांगे गए, लेकिन कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं किए जा सके। इसके बाद थाना पुरानी भिलाई में अपराध क्रमांक 277/2026 दर्ज कर धारा 303(2), 317(4), 3(5) और 112 बीएनएस के तहत मामला कायम किया गया।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मीथेन ठाकुर, चिंतानंद साहू, गीतेश वर्मा और निर्मल सिंह को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि चोरी का यह लोहा कहां से लाया गया था और इसमें और कौन-कौन लोग शामिल हैं।