भिलाई-दुर्ग में निकाय चुनाव की तैयारी तेज, भाजपा ने संभाली कमान; कांग्रेस की रणनीति पर नजर
दिसंबर 2026 में प्रस्तावित नगरीय निकाय चुनाव को लेकर भिलाई-दुर्ग में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। भाजपा ने भिलाई, रिसाली और भिलाई-चरोदा नगर निगम समेत क्षेत्र के अन्य निकायों के लिए प्रभारी और सह-प्रभारियों की नियुक्ति कर संगठन को चुनावी मोड में ला दिया है।
भिलाई नगर निगम की जिम्मेदारी भूपेंद्र सवन्नी को प्रभारी के तौर पर दी गई है, जबकि लक्ष्मी वर्मा और चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी सह-प्रभारी बनाए गए हैं। रिसाली में अनुराग सिंह देव और भिलाई-चरोदा में नीलू शर्मा को जिम्मेदारी दी गई है।
इसके साथ ही भिलाई में भाजपा ने सभी 70 वार्डों को लेकर बूथ स्तर पर तैयारी शुरू कर दी है। संगठनात्मक बैठकों में बूथ समितियों को सक्रिय करने, मतदाता सूची के अध्ययन और कार्यकर्ताओं के जनसंपर्क पर जोर दिया जा रहा है।
दूसरी ओर कांग्रेस की तैयारियां भी निकाय चुनाव को ध्यान में रखकर आगे बढ़ रही हैं। पार्टी की रणनीति में स्थानीय मुद्दों, जनसमस्याओं और वार्ड स्तर के संपर्क को प्रमुखता मिलने की बात सामने आई है। भिलाई, रिसाली और भिलाई-चरोदा में स्थानीय समीकरण अलग होने के कारण दोनों दलों के लिए वार्डवार रणनीति महत्वपूर्ण रहने वाली है।
इस चुनाव में सड़क, नाली, सफाई, पेयजल, स्ट्रीट लाइट, अतिक्रमण और नगर निगम की कार्यप्रणाली जैसे स्थानीय मुद्दे प्रमुख भूमिका निभा सकते हैं। फिलहाल भाजपा की संगठनात्मक सक्रियता तेज हो गई है, जबकि कांग्रेस की ओर से भी चुनावी गतिविधियों को गति देने की तैयारी जारी है।